बिहार विधान परिषद यानी MLC चुनाव को लेकर राज्य में चर्चा काफी तेज है. इसी बीच बीते कल यानी 8 जून तक उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. अब इन्हीं चुनावी हलफनामों से कई दिलचस्प बातें सामने आई है. हलफनामे के मुताबिक भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह की संपत्ति में बढ़ोतरी हुई है तो वहीं निशांत कुमार की अधूरी पढ़ाई को लेकर भी जानकारी मिली है. इसके अलावा किस नेता के पास कितनी संपत्ति, कितनी गाड़ियां, कितना कर्ज का सारा ब्यौरा सामने आया है. विस्तार से जानिए हलफनामे से सामने आई पूरी जानकारी.
ADVERTISEMENT
राजद उम्मीदवार के पास सबसे ज्यादा संपत्ति
18 जून को होने वाले चुनाव को लेकर 8 जून तक 10 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया. सभी 10 उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा संपत्ति आरजेडी के सुनील कुमार सिंह के पास है. उनके पास लगभग 54 करोड़ की संपत्ति है. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, सुनील सिंह की पत्नी के पास 2.5 किलो सोना और 35 किलो चांदी के जेवर है.
वहीं इसके ठीक उलट, बीजेपी के उम्मीदवार शीला पंडित पर सबसे ज्यादा कर्ज का बोझ है. हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक, शीला पंडिता के पास 29.68 लाख की संपत्ति है, लेकिन उनके ऊपर 31.13 लाख रुपए का बैंक लोन भी चल रहा है.
बढ़ गई पवन सिंह की संपत्ति
इस हलफनामे के सामने आने के बाद भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई है क्योंकि उनकी संपत्ति में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिली है. लोकसभा चुनाव 2024 के मुकाबले उनकी संपत्ति में 2.7 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है. पवन सिंह की मौजूदा संपत्ति 19.44 करोड़ की है, जिसमें लगभग 4 करोड़ की 4 लग्जरी कारें, एक शानदार लैंड क्रूजर भी शामिल है. वहीं हलफनामे में पवन सिंह की पत्नी का नाम ज्योति सिंह लिखा हुआ है, हालांकि उन्होंने कहा कि तलाक का मामला फिलहाल कोर्ट में चल रहा है.
कितने पढ़े है निशांत कुमार?
एक ओर पवन सिंह की संपत्ति चर्चा में है तो दूसरी ओर पूर्व मु्ख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की पढ़ाई काफी चर्चा में है. हलफनामे के मुताबिक, निशांत कुमार ने अपने इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी पूरी नहीं की है. निशांत ने 8 में से सिर्फ 5 सेमेस्टर तक ही कॉलेज में पढ़ाई की है. वहीं अगर उनके संपत्ति की बात करें तो उनके नाम पर दो गाड़िया है और साथ ही 4.63 करोड़ रुपए की संपत्ति है.
अन्य उम्मीदवारों की जानकारी
इसके अलावा बीजेपी से उम्मीदवार और कद्दावर नेता डॉ. संजय मयूख ने अपनी संपत्ति 3.7 करोड़ रुपए बताई है. मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 6 सालों में उनकी कमाई करीब 2.12 करोड़ रुपए बढ़ी है. वहीं दूसरी ओर जदयू उम्मीदवार भारती मेहता के पास 6.34 करोड़ की संपत्ति है, जिसमें 89 लाख रुपए की सोने की ज्वेलरी मौजूद है. संपत्ति के हिसाब से भारती मेहता अपने पति से ज्यादा अमीर है.
जदयू की ही एक और उम्मीदवार शिवरानी देवी प्रजापति के पास कोई गाड़ी नहीं है और उनके पति के नाम पर केवल डेढ़ लाख रुपए की अचल संपत्ति है. साथ ही शिवरानी केवल 12वीं पास है. इसके अलावा बीजेपी उम्मीदवार अनिल ठाकुर के पास 24 लाख की संपत्ति है. चिराग पासवान की पार्टी LJP-R से एक ही उम्मीदवार अशरफ अंसारी है जिन्होंने LLB की पढ़ाई की है और उनके पास 1.95 करोड़ रुपए की संपत्ति है.
ADVERTISEMENT


