Bihar Weather Alert: 25 मई को बिहार में कहीं पड़ेगी गर्म तो कहीं होगी बारिश...मौसम विभाग ने इन 26 जिलों के लिए जारी की ये चेतावनी

Bihar Weather Update: बिहार में मौसम ने अचानक डराने वाला रूप ले लिया है. एक तरफ भीषण गर्मी और लू लोगों को झुलसा रही है, तो दूसरी तरफ आंधी-तूफान और भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है. मौसम विभाग ने 26 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Bihar weather update
Bihar weather update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Bihar Weather Today:बिहार में मौसम इन दिनों बेहद खतरनाक रूप अख्तियार कर चुका है. राज्य के लोग जहां एक तरफ आसमान से बरसती आग और चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने राज्य में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का दोहरा संकट गहराने की चेतावनी जारी कर दी है. मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत और सुरक्षा दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. बिहार के अलग-अलग हिस्सों में एक ही समय पर लू और भारी बारिश का यह अजीब संयोग देखने को मिलने वाला है.  ऐसे में मौसम विभाग ने 26 जिलों में अलर्ट जारी किया है. 

Read more!

बिहार में 25 मई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 25 मई को बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. राज्य के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-दक्षिण द्रोणिका के प्रभाव से उत्तर और पूर्व बिहार के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा. वहीं मौसम विभाग ने 5 जिलों में येलो और 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ भयंकर गरज-चमक की स्थिति बन जाएगी. हालांकि, इसके विपरीत दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और बेहद गर्म बना रहेगा, जिससे वहां के लोगों को चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ेगा.

25 मई को अलर्ट वाले जिलों के नाम

मौसम विभाग ने 25 मई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का ओरेंज और  येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार,  उत्तर-पूर्वी हिस्से के किशनगंज और पूर्णिया जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी भाग के जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, कटिहार, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, वैशाली  और कटिहार में कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने का अलर्ट है. वहीं उत्तर-पश्चिम भाग के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ आंधी-पानी का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

25 मई को गर्मी की स्थिति और तापमान का पूर्वानुमान

एक तरफ जहां उत्तर बिहार में बारिश की गतिविधि रहेगी, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिम बिहार और गया जिला भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहेंगे. मौसम विभाग के अनुसार गया सहित बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिलों में तीव्र लू चलने की संभावना है.  इन दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि पिछले दिनों रोहतास के डेहरी में यह 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था. इसके विपरीत, जिन जिलों में बारिश और आंधी का असर रहेगा, वहां अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाएगा, जिससे लोगों को उमस और तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है. इस दौरान राज्य का न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. ठंड जैसी कोई भी स्थिति फिलहाल राज्य में कहीं नहीं है और न्यूनतम तापमान भी सामान्य या उससे अधिक बना हुआ है.

आने वाले दिनों बिहार के मौसम का हाल

मौसम विभाग के सात दिनों के बुलेटिन के अनुसार, आगामी 26 मई को भी औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर और रोहतास जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी. इसी दिन यानी 26 मई को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के साथ ही अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और सुपौल जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके बाद 27 मई को भी अररिया, किशनगंज, सुपौल और पश्चिम चंपारण में भारी वर्षा की चेतावनी है. हालांकि, राहत की बात यह है कि अगले 48 घंटों के बाद यानी 27 मई से राज्य के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे पूरे बिहार को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से काफी हद तक निजात मिल जाएगी.

यह भी पढ़ें: तेजस्वी यादव की करीबी मानी जाने वाली ऋतु जायसवाल BJP में होंगी शामिल... लेकिन जॉइनिंग से पहले उन्होंने रख दी ये बड़ी शर्त

    follow google news