Haridwar Viral Video: उत्तराखंड के ऋषिकेश और हरिद्वार में पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोगों और हरियाणा के पर्यटकों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है. सोशल मीडिया पर 'बॉयकॉट उत्तराखंड' और 'बॉयकॉट ऋषिकेश' जैसे ट्रेंड्स के बीच अब हरिद्वार से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने इस विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है. हरिद्वार के प्रसिद्ध सुभाष घाट (हर की पौड़ी) पर हरियाणा के कुछ युवकों को शराब के नशे में बुरी तरह हुड़दंग मचाते और स्थानीय लोगों व महिलाओं के साथ बदतमीजी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है.
ADVERTISEMENT
बाजार में महिलाओं से की अश्लील हरकत
गंगा सभा के वरिष्ठ पदाधिकारी उज्जवल पंडित ने इन हुड़दंगी युवकों का एक लाइव वीडियो बनाया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरियाणा से आए तीन-चार युवक शराब के नशे में चूर हैं. उज्जवल पंडित के अनुसार, इन युवकों ने बाजार में एक महिला के साथ बेहद अश्लील हरकत की और राहगीरों को परेशान किया. नशे का आलम यह था कि युवक ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और सड़क पर ही लड़खड़ाकर गिर रहे थे.
पवित्र गंगा जी में उतरकर किया हुड़दंग
बाजार में बवाल काटने के बाद ये युवक हर की पौड़ी के सुभाष घाट पहुंचे और पवित्र गंगा नदी में उतरकर अजीबोगरीब हरकतें करने लगे. एकादशी के पवित्र दिन पर धार्मिक स्थल की मर्यादा को तार-तार करते देख गंगा सभा के पदाधिकारियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी.
युवकों को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही हर की पौड़ी चौकी की पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंची. हालत इतनी खराब थी कि हुड़दंगियों पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी. पुलिस ने मौके से नशे में धुत युवकों को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली ले गई है.
सिविक सेंस और मर्यादा पर उठे सवाल
ऋषिकेश में हाल ही में हरियाणवी युवकों के साथ हुई मारपीट के बाद दोनों राज्यों के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और लोगों के बीच हेट स्पीच काफी बढ़ गई है. उत्तराखंड के स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई पर्यटक धार्मिक और शांतिप्रिय जगहों पर तेज म्यूजिक बजाने, शर्ट उतारकर नाचने और शराब पीकर हुड़दंग करने को ही 'मौज-मस्ती' मान लेते हैं, जिससे पवित्र स्थलों की मर्यादा भंग होती है. फिलहाल इस ताजा वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT


