हरियाणा के लड़के ने तुंगनाथ में क्यों फोड़ा घोड़े-खच्चर वाले का सिर? सामने आई वायरल वीडियो की इनसाइड स्टोरी

Haryana Tourist Tungnath Viral Video: उत्तराखंड के तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर हरियाणा के यमुनानगर निवासी राघव और स्थानीय खच्चर चालक के बीच हिंसक झड़प का सनसनीखेज वीडियो वायरल हुआ है. आरोपी ने हाथ के भारी कड़े से हमला कर खच्चर वाले का सिर फोड़ दिया. घटना के बाद जहां सोशल मीडिया पर गुस्सा है.

उत्तराखंड में तुंगनाथ यात्रा के दौरान बवाल!
उत्तराखंड में तुंगनाथ यात्रा के दौरान बवाल!

राहुल यादव

follow google news

Haryana Tourist Viral Video: उत्तराखंड के पहाड़ी और तीर्थ क्षेत्रों से इन दिनों पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच विवाद की कई खबरें सामने आ रही हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक बेहद चौंकाने वाला और हिंसक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि उत्तराखंड की पवित्र यात्रा पर आए हरियाणा के एक युवक ने स्थानीय खच्चर चलाने वाले एक गरीब शख्स के सिर पर अपने भारी-भरकम कड़े से प्रहार कर उसका सिर फोड़ दिया. वीडियो में पीड़ित खच्चर चालक के सिर पर गहरी पट्टी बंधी हुई दिख रही है और खून साफ झलक रहा है.

Read more!

इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर हरियाणा के पर्यटकों को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. मामला बढ़ता देख 'हरियाणा तक' की टीम ने जब इस पूरे मामले की पड़ताल की तो इसके पीछे की असली इनसाइड स्टोरी और दोनों पक्षों की सच्चाई सामने आई है.

तुंगनाथ धाम के रास्ते में हुआ खूनी विवाद

यह पूरी घटना उत्तराखंड के प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग की बताई जा रही है. वीडियो में दिख रहा आरोपी युवक हरियाणा के यमुनानगर (सिटी सेंटर) का रहने वाला है, जिसका नाम राघव है. वायरल वीडियो में स्थानीय लोगों की भीड़ ने राघव को जमीन पर जबरन बिठा रखा है और उसे चारों तरफ से घेरकर लोग जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं. वीडियो में एक स्थानीय शख्स यह कहता सुनाई दे रहा है, "इस हरियाणा के लड़के ने गरीब घोड़े वाले का क्या हाल कर दिया. इन लोगों की इतनी हिम्मत बढ़ गई है कि पवित्र तीर्थ क्षेत्र में आकर गुंडागर्दी और उदंडता मचा रहे हैं." भीड़ का कहना था कि अगर वे वक्त पर इकट्ठा नहीं होते, तो शायद यह युवक खच्चर वाले को जान से मार देता.

'मैंने आत्मरक्षा में उठाया कदम'-आरोपी राघव

इस पूरे विवाद पर जब आरोपी राघव का पक्ष सामने आया, तो कहानी का दूसरा पहलू भी उजागर हुआ. राघव ने अपने ऊपर लगे एकतरफा मारपीट के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. राघव के अनुसार, वह शनिवार को प्रसाद लेकर मंदिर की ओर चढ़ाई कर रहा था. तभी उसने देखा कि रास्ते में एक अन्य पर्यटक और खच्चर चालक के बीच पैसों के भुगतान को लेकर तीखी बहस हो रही थी. पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां मोबाइल नेटवर्क नहीं आ रहा था, जिससे पर्यटक खच्चर चालक को ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर पा रहा था.

जब राघव को पता चला कि विवाद में फंसा हुआ पर्यटक भी हरियाणा का ही रहने वाला है तो वह दोनों के बीच-बचाव  करने के लिए वहां पहुंच गया. राघव का दावा है कि जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो खच्चर चालक ने उससे उसका परिचय पूछा. राघव के हरियाणा कहते ही खच्चर चालक भड़क गया और उसने लाठी से राघव पर हमला कर दिया. राघव का कहना है कि खच्चर चालक के लाठी से हमला करने के बाद उसने खुद की जान बचाने और आत्मरक्षा में अपने हाथ में पहना हुआ स्टील का भारी कड़ा खच्चर चालक के सिर पर मार दिया.

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हुआ समझौता

वीडियो में राघव को अपना चेहरा छुपाते और भीड़ के गुस्से का सामना करते हुए देखा जा सकता है. राघव ने बताया कि इस हिंसक झड़प के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंच गई थी. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बैठाकर बात कराई गई, जिसके बाद उनके बीच आपसी समझौता हो गया था. हालांकि, अब सोशल मीडिया पर ये वीडियो दो राज्यों (हरियाणा और उत्तराखंड) के बीच माहौल खराब करने के इरादे से गलत दावों के साथ वायरल किया जा रहा है.

हरियाणा से हर साल कितने लोग पहुंचते हैं उत्तराखंड

उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल करीब 25 लाख से अधिक पर्यटक हरियाणा से उत्तराखंड की वादियों और तीर्थस्थलों पर पहुंचे थे. ऐसे में कुछ छिटपुट घटनाओं की वजह से दो राज्यों के बीच के भाईचारे और पर्यटन व्यवस्था को नुकसान पहुंचाना सही नहीं है. पर्यटकों को भी स्थानीय संस्कृति, मान्यताओं और लोगों का सम्मान करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तानी और रिफ्यूजी ना कहें तो क्या कहें?' हवा सिंह सांगवान के इस वीडियो बयान से हरियाणा में मचा हड़कंप

    follow google news