'सिर फोड़ दूंगा...', रेवाड़ी में जनगणना करने गए सरकारी टीचर पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड लेकर दौड़ा बुजुर्ग; वीडियो वायरल

रेवाड़ी के कन्होरी गांव में सरकारी आदेश पर जनगणना करने गए टीजीटी शिक्षक पवन कुमार पर एक बुजुर्ग और उसकी बहू ने जानलेवा हमला कर दिया. मकान पर नंबर लिखने की बात को लेकर आरोपी बुजुर्ग ने शिक्षक के साथ मारपीट की और लोहे की रॉड से सिर पर वार करने की कोशिश की. बीच-बचाव करने आए एक ग्रामीण को भी चोटें आई हैं. पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने और हमले का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

rewari
rewari

न्यूज तक डेस्क

follow google news

हरियाणा के रेवाड़ी जिले से सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल उठाने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. यहां के कन्होरी गांव में सरकारी आदेश पर जनगणना (मकानों की नंबरिंग) करने गए एक टीजीटी (TGT) शिक्षक पर जानलेवा हमला किया गया. आरोप है कि गांव के एक बुजुर्ग ने न सिर्फ शिक्षक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि अंदर से लोहे की भारी एंगल (रॉड) लाकर उनके सिर पर वार करने की कोशिश की. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Read more!

आईकार्ड दिखाने पर भी नहीं माना आरोपी

पीड़ित शिक्षक पवन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रेवाड़ी में कार्यरत हैं और इन दिनों कन्होरी गांव में जनगणना की ड्यूटी पर हैं. जब वह मकान नंबर 99 पर पहुंचे तो वहां मुख्य द्वार पर नंबर मिटा हुआ था. उन्होंने पेन से दोबारा वहां '99' लिख दिया. इतने में मकान मालिक रामकिशन नाम का बुजुर्ग बाहर आया और गाली-गलौज करने लगा. शिक्षक ने अपना सरकारी आईकार्ड भी दिखाया और समझाया कि यह सरकारी काम है लेकिन आरोपी ने एक नहीं सुनी और उन्हें थक्के व थप्पड़ मारने शुरू कर दिए.

बीच-बचाव करने आए ग्रामीण को भी पीटा

शोर सुनकर पास में ही रहने वाले रणधीर नाम के शख्स वहां पहुंचे. उन्होंने बुजुर्ग को रोकने की कोशिश की और बताया कि ये स्कूल के अध्यापक हैं और अपनी सरकारी ड्यूटी कर रहे हैं. इस पर आरोपी रामकिशन और भड़क गया और बोला, "मैं तो इसका सिर फोड़ दूंगा." इसके बाद वह घर के अंदर से लोहे की एक लंबी एंगल उठा लाया और सीधे शिक्षक के सिर पर हमला कर दिया. बीच-बचाव कर रहे रणधीर ने जब हाथ आगे बढ़ाया, तो लोहे की रॉड उनके हाथ पर लगी जिससे वह घायल हो गए. इसी बीच आरोपी बुजुर्ग की पुत्रवधू भी बाहर आ गई और उसने अपने ससुर का साथ देते हुए रणधीर की पिटाई शुरू कर दी.

पुलिस के सामने भी दी जान से मारने की धमकी

शिक्षक पवन कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह शाम को पुलिस अधिकारी (एसआई सुरेंद्र) को घटनास्थल दिखाने दोबारा आरोपी के घर पहुंचे, तो पुलिस की मौजूदगी में भी रामकिशन ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने अपने बेटे के दिल्ली पुलिस में होने की धौंस भी दिखाई.

पीड़ित शिक्षक ने मांग की है कि आरोपी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके. फिलहाल, रोहराई थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने और जानलेवा हमले की धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

 

    follow google news