Datia Collector Swapnil Wankhede: कहते हैं इश्क में इंसान कुछ भी कर गुजरने को तैयार हो जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला वाकया सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. यहां उत्तर प्रदेश से आया एक प्रेमी सिर्फ इसलिए भीषण गर्मी में भटकता रहा क्योंकि उसकी प्रेमिका ने उससे बात करने के बदले एक बेहद ही अनोखी शर्त रख दी थी. प्रेमिका की इस जिद को पूरा करने के चक्कर में युवक की जान पर बन आई. इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. पूरा मामला दतिया के लोकप्रिय आईएएस और कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े से जुड़ा है.
ADVERTISEMENT
क्या थी प्रेमिका की वो अनोखी शर्त?
दरअसल, उत्तर प्रदेश के चंदौली का रहने वाला राजकुमार बक्षी नाम का एक युवक अचानक दतिया कलेक्टरेट कार्यालय पहुंचा. उस समय दतिया में तापमान आसमान छू रहा था और भीषण गर्मी पड़ रही थी. राजकुमार वहां दतिया के कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े से मिलने की जिद पर अड़ा था. जब उससे कलेक्टरेट में इतनी दूर से आने की वजह पूछी गई तो उसने जो खुलासा किया उसे सुनकर सब दंग रह गए.
राजकुमार ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड दतिया कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े की बहुत बड़ी फैन है. वह सोशल मीडिया पर अक्सर कलेक्टर साहब के वीडियो और उनके काम करने के अंदाज को देखती है. प्रेमिका ने अपने प्रेमी राजकुमार के सामने शर्त रख दी कि, "अगर मुझसे बात करनी है तो पहले दतिया जाओ और कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े से मुलाकात करके उनके साथ फोटो या सेल्फी खींचकर लाओ, तभी मैं तुमसे आगे बात करूंगी." अपनी रूठी हुई गर्लफ्रेंड को मनाने और प्यार की इस परीक्षा में पास होने के लिए राजकुमार चंदौली से दतिया के लिए रवाना हो गया.
कलेक्टरेट में बेहोश हुआ प्रेमी, खुद मिलने पहुंचे IAS
राजकुमार जब दतिया कलेक्टरेट पहुंचा तो उस समय कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े एक जरूरी बैठक में व्यस्त थे. राजकुमार कड़ी धूप और भीषण गर्मी में बाहर इंतजार कर रहा था. तभी अचानक गर्मी और थकान के कारण उसे चक्कर आ गया और वो जमीन पर गिर पड़ा. आनन-फानन में कलेक्टरेट स्टाफ ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
इस पूरे मामले की जानकारी जब कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े को लगी तो वे बैठक खत्म होते ही कलेक्टर सीधे जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों से युवक के स्वास्थ्य की जानकारी ली और खुद बेड के पास जाकर राजकुमार का हौसला बढ़ाया. कलेक्टर ने युवक से हंसते हुए बात की और उसकी प्रेमिका की शर्त को पूरा करते हुए उसके साथ एक शानदार सेल्फी भी खिंचवाई.
सोशल मीडिया पर छाए कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े
कलेक्टर स्वप्नल वानखेड़े अपनी बेबाक कार्यशैली, संवेदनशीलता और सोशल मीडिया पर अपनी मजबूत पकड़ के लिए जाने जाते हैं. वे अक्सर जनता के बीच जाकर रात बिताते हैं और अस्पताल या दफ्तरों का औचक निरीक्षण कर लापरवाह अधिकारियों को फटकार लगाते हैं. अस्पताल में बीमार प्रेमी से मिलने का उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. कलेक्टर से मिलने और सेल्फी खिंचवाने के बाद प्रेमी राजकुमार के चेहरे पर एक बड़ी मुस्कान देखी गई और वह बेहद खुश नजर आया.
ADVERTISEMENT


