MP Rajya Sabha Election: कांग्रेस को बड़ा झटका, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज!

MP Rajya Sabha Election: मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. तीसरी सीट से उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है. बीजेपी ने हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने कार्रवाई की. इस घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए अपने विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट करना शुरू कर दिया है. जानिए पूरा मामला.

MP Rajya Sabha Election
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज

रवीशपाल सिंह

follow google news

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी पारा अचानक सातवें आसमान पर पहुंच गया है. सूबे की तीसरी राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है. बीजेपी द्वारा दर्ज कराई गई कड़ी आपत्ति के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने यह बड़ा फैसला सुनाया, जिसके बाद से प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. आइए विस्तार से जानते है मामले की पूरी कहानी.

Read more!

क्या है पूरा मामला और बीजेपी की आपत्ति?

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर गंभीर सवाल खड़े किए थे. बीजेपी का आरोप है कि मीनाक्षी ने अपने हलफनामे में तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी छिपाई है. इस शिकायत को संज्ञान में लेते हुए पर्यवेक्षक ने नटराजन को कारण बताओ नोटिस जारी कर शाम तक जवाब मांगा था, जिसके बाद असंतोषजनक जवाब या तथ्यों के आधार पर उनका नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया.

कांग्रेस का पलटवार और आरोपों का खंडन

दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के इन तमाम आरोपों को पूरी तरह से निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मीनाक्षी नटराजन का बचाव करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है. उन्हें कोर्ट की तरफ से केवल एक सामान्य नोटिस मिला था, जिसे बीजेपी जानबूझकर तूल दे रही है.

विधानसभा परिसर में भारी हंगामा और तीखी नोकझोंक

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान विधानसभा परिसर में दोनों ही दलों के नेताओं के बीच भारी नारेबाजी, शोर-शराबा और हंगामे की स्थिति बन गई. माहौल उस समय और ज्यादा गरमा गया जब कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया ने रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में जबरन घुसने की कोशिश की. हालांकि, वहां तैनात पुलिस और विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया.

विधायकों को बेगलुरु ले जा रहा विमान रोका गया

इस बड़े सियासी उलटफेर और क्रॉस वोटिंग या टूट के डर के बीच कांग्रेस ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए बेंगलुरु शिफ्ट करना शुरू कर दिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब दो घंटे की कड़ी जद्दोजहद और प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे कांग्रेस की पहली चार्टर्ड फ्लाइट ने बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाली थी, जिसे रोक दिया गया है. बताया जा रहा है कि विधायकों को वापस बुला लिया गया है.

    follow google news