Twisha Sharma Case: अब ट्विशा शर्मा की प्रेग्नेंसी पर उसके पति समर्थ ने ये क्या बोल दिया

ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में दिल्ली एम्स की टीम उनके शव का दोबारा पोस्टमार्टम कर रही है. वहीं, 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर चल रहे पति समर्थ सिंह से पुलिस मोबाइल चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर लगातार पूछताछ कर रही है.

ट्विशा मामले में बड़ा खुलासा
ट्विशा मामले में बड़ा खुलासा

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सामने आए मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले मोड़ आ रहे हैं. भोपाल में एक रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की मौत के 12 दिन बाद, रविवार को उनके शव का दोबारा पोस्टमार्टम (री-पोस्टमार्टम) किया जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ, 7 दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड पर चल रहे ट्विशा के पति समर्थ सिंह से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है, जिसमें उसने कई हैरान करने वाले दावे किए हैं. 

Read more!

दिल्ली AIIMS की निगरानी में री-पोस्टमार्टम

ट्विशा के परिवार की मांग पर जबलपुर हाई कोर्ट ने शव के दोबारा पोस्टमार्टम की मंजूरी दी थी. इसके बाद दिल्ली एम्स (AIIMS) की चार सदस्यीय टीम शनिवार शाम भोपाल पहुंची. रविवार को भोपाल एम्स परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजामों और वीडियोग्राफी के बीच री-पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. मॉर्चुरी के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है. ट्विशा के परिजनों को उम्मीद है कि इस दोबारा होने वाले पोस्टमार्टम से मौत की असली वजह और कई अनसुलझे सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे. 

पूछताछ में पति समर्थ सिंह के दावे

शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पुलिस ने समर्थ को शनिवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के दौरान पूछताछ में समर्थ ने पुलिस के सामने दावा किया है कि शादी के बाद उनके रिश्ते सामान्य थे.

समर्थ के मुताबिक, 17 अप्रैल 2026 को ट्विशा की प्रेगनेंसी कंफर्म हुई थी, जिसके बाद से उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा था. समर्थ का कहना है कि अस्पताल से लौटने के बाद ट्विशा ने कहा था कि वह दिल्ली अपने घर जाना चाहती है और वह घरेलू जिंदगी नहीं जी सकती. विवाद की वजह बताते हुए समर्थ ने दावा किया कि वह ट्विशा के साथ बेंगलुरु जाना चाहता था और टिकट भी बुक थी, लेकिन ट्विशा ने जाने से मना कर दिया और अपने भाई के पास अजमेर (नसीराबाद) जाने की जिद करने लगी, जिसके चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. समर्थ का दावा है कि मौत वाले दिन भी सब कुछ सामान्य था.

पुलिस खंगाल रही है मोबाइल चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स

हालांकि, पुलिस को अंदेशा है कि समर्थ खुद को बचाने के लिए यह कहानी गढ़ रहा है. पुलिस को ट्विशा के फोन से कुछ ऐसी चैट्स बरामद हुई हैं, जिसमें वह अपने परिवार से प्रताड़ना की शिकायत कर रही थी. फिलहाल पुलिस मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड, मेडिकल हिस्ट्री और परिवार के बयानों को आपस में जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है.

क्या है पूरा मामला?

मिस पुणे का खिताब जीत चुकीं मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मुलाकात समर्थ सिंह से एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी. इसके बाद दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हुई. शादी के महज 5 महीने बाद ही 12 मई 2026 को भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में ट्विशा की मौत हो गई. ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ और ससुराल वालों पर दहेज की मांग करने और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. इस मामले में ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह (रिटायर्ड जज) को पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है.

 

 

    follow google news