अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में शनिवार शाम अचानक हड़कंप मच गया, व्हाइट हाउस के बिल्कुल नजदीक अंधाधुंध गोलियां चलने लगीं. शाम करीब 6 बजे 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू के पास तैनात सुरक्षा एजेंसियों को पहले लगा कि यह कोई आपसी विवाद है, लेकिन देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई.
ADVERTISEMENT
चेकपॉइंट के पास अचानक निकाली पिस्टल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक संदिग्ध युवक हाथ में बैग लिए सीक्रेट सर्विस के चेकपॉइंट की तरफ बढ़ रहा था. वहां तैनात अधिकारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने बैग से पिस्तौल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला.
अस्पताल ले जाते समय हमलावर की मौत
सीक्रेट सर्विस के जवानों ने त्वरित जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर पर गोलियां चलाईं. गोली लगने से हमलावर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. शूटर की पहचान मैरिलैंड के रहने वाले 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट के रूप में हुई है. इस क्रॉस-फायरिंग में एक आम नागरिक भी घायल हुआ है, जबकि एक सीक्रेट सर्विस एजेंट को एहतियात के तौर पर अस्पताल भेजा गया.
व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे डोनाल्ड ट्रंप
जिस वक्त यह वारदात हुई, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे. घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर को लॉकडाउन कर दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हमलावर व्हाइट हाउस की मुख्य सुरक्षा दीवार को पार नहीं कर पाया था और राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं.
पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था आरोपी
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी नसीरे बेस्ट पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर आ चुका था. जून 2025 में उसे सीक्रेट सर्विस एजेंट को धमकी देने के आरोप में पकड़ा गया था. इसके बाद जुलाई 2025 में भी वह एक प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश करते हुए दबोचा गया था. शुरुआती जांच के मुताबिक, युवक मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले की मुख्य वजह का पता लगाने में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT


