राजस्थान की राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले को सुरक्षित निकालने के लिए रोके गए ट्रैफिक के दौरान एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने कतार में खड़ी आठ गाड़ियों को बुरी तरह रौंद दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि कई कारें आपस में पिचक गईं और एक गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई. इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है. गनीमत यह रही कि मुख्यमंत्री का काफिला दुर्घटना से महज कुछ मिनट पहले ही घटना स्थल से रवाना हो चुका था.
ADVERTISEMENT
CM के VIP मूवमेंट के कारण रोका था ट्रैफिक
यह पूरी घटना सीकर रोड पर सनसिटी के पास शाम करीब 6:15 बजे की है. चश्मदीदों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के वीआईपी मूवमेंट के कारण पुलिस ने जयपुर से सीकर जाने वाले मार्ग पर वाहनों को रोका हुआ था, जिससे सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई थी. इसी दौरान पीछे से आ रही एक निजी ट्रैवल्स की स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और खड़े वाहनों में जा घुसी. रफ्तार इतनी तेज थी कि बस गाड़ियों को घसीटते हुए आगे तक ले गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई.
गाड़ियों के दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला!
हादसे की सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. टक्कर के कारण कई लोग अपनी ही कारों में फंस गए थे. पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ियों के दरवाजे तोड़कर छह लोगों को बाहर निकाला. घायलों में सांगानेर के रहने वाले अमन जैन, उनकी पत्नी प्रियांशी, सास रेखा और चाचा ससुर राजेश शामिल हैं, जो खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे. सभी घायलों को पास के सीकेएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल अमन जैन को सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
बस के ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस के ब्रेक फेल होने की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ. यह स्लीपर बस अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर खाटूश्यामजी दर्शन कराने के बाद हरिद्वार जा रही थी. हादसे के तुरंत बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है, वहीं बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी गाड़ी से गंतव्य के लिए रवाना किया गया है. दुर्घटना के बाद सीकर रोड पर काफी लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
ADVERTISEMENT


