भागते रहे बुजुर्ग, लेकिन मौत ने नहीं छोड़ा पीछा... बेकाबू ट्रेलर ने छीन ली जिंदगी, देखें वीडियो

Kotputli Accident Video: राजस्थान के कोटपूतली में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर आंतेला क्षेत्र के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. हाईवे पर बने डायवर्जन के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने पैदल चल रहे बुजुर्ग को बेरहमी से कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे का खौफनाक लाइव सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रेलर
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रेलर

मोहित गुर्जर

follow google news

Delhi Jaipur Highway Accident: राजस्थान के कोटपूतली जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है. दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर आंतेला क्षेत्र में एक बेकाबू ट्रेलर ने ऐसा कहर बरपाया कि जिसने भी इस मंजर को देखा, उसकी रूह कांप गई. इस भयानक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पूरी दुर्घटना हाईवे के पास लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका खौफनाक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

होटल की पार्किंग के पास पैदल जा रहे थे बुजुर्ग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक व्यक्ति की पहचान कोटपूतली के नारनोलिया की ढाणी निवासी सूरजाराम यादव के रूप में हुई है. घटना के वक्त सुरजाराम हाईवे के किनारे स्थित एक होटल के बाहर अपनी पार्किंग के पास से पैदल गुजर रहे थे. इसी दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनाए गए एक डायवर्जन से गुजर रहा भारी-भरकम 18 चक्का ट्रेलर अचानक पूरी तरह से अपना नियंत्रण खो बैठा.

वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार ट्रेलर मुख्य हाईवे की बजाय सर्विस रोड पर बेकाबू होकर सीधे होटल की पार्किंग की तरफ मुड़ जाता है. सामने साक्षात मौत को आते देख सुरजाराम यादव ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की और पीछे हटे, लेकिन उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला. चंद सेकेंड के भीतर ही बेकाबू ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और कई फीट तक बेरहमी से घसीटता हुआ आगे निकल गया.

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. आसपास मौजूद स्थानीय निवासियों और होटल कर्मियों ने तुरंत भागकर गंभीर रूप से घायल सूरजाराम को संभाला और आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद सुरजाराम यादव को मृत घोषित कर दिया.

अधूरे निर्माण कार्य और खराब डायवर्जन पर भड़के लोग

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों और चश्मदीदों का गंभीर आरोप है कि हाईवे पर नील का पुलिया का निर्माण कार्य पिछले लंबे समय से कछुआ गति से चल रहा है. इसी अधूरे निर्माण कार्य की वजह से मुख्य हाईवे के ट्रैफिक को सर्विस रोड और डायवर्जन की तरफ मोड़ा गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि डायवर्जन क्षेत्र में न तो सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम हैं और न ही यातायात नियंत्रण (Traffic Control) के लिए कोई संकेतक बोर्ड या पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं. इसी बड़ी लापरवाही की वजह से यह भारी वाहन बेकाबू हुआ और एक मासूम की जान चली गई.

पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त, जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला (FIR) दर्ज कर लिया है और दुर्घटना कारित करने वाले ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है. पुलिस का कहना है कि वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

    follow google news