राजस्थान के अलवर (भिवाड़ी) जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक 21 वर्षीय होनहार खिलाड़ी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान भिवाड़ी के सैदपुर गांव निवासी मोनू दायमा के रूप में हुई है, जो बैडमिंटन का स्टेट लेवल खिलाड़ी था. आरोप है कि एक नाबालिग लड़की के परिजनों ने मोनू का अपहरण किया और उसे तीन दिनों तक बंधक बनाकर लगातार बेरहमी से पीटा, जिससे इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
स्टेट लेवल का खिलाड़ी था मोनू
मोनू दायमा एक होनहार छात्र और बेहतरीन एथलीट था. उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा 70% अंकों के साथ पास की थी. इसके अलावा वह बैडमिंटन का शानदार खिलाड़ी था और स्कूल की तरफ से स्टेट लेवल चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुका था. जिला स्तर पर भी उसने कई मेडल जीते थे. उसके पिता भीम सिंह पेशे से ड्राइवर हैं. मोनू की मौत के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
मामा के घर आने-जाने के दौरान हुआ था प्यार
परिजनों के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद (तिगांव क्षेत्र) की रहने वाली एक नाबालिग लड़की अपने मामा के घर सैदपुर गांव आती-जाती थी. इसी दौरान मोनू और उस लड़की के बीच प्रेम संबंध हो गए. पुलिस के मुताबिक, अप्रैल महीने में मोनू उस नाबालिग लड़की को अपने साथ ले गया था, जिसके बाद लड़की के परिजनों ने तिगांव थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था. बाद में पुलिस ने लड़की को तो बरामद कर लिया था, लेकिन मोनू फरार चल रहा था.
3 दिन तक बंधक बनाकर पीटने का आरोप
मोनू के चाचा नरेंद्र ने बताया कि 17 मई को मोनू घर से यह कहकर निकला था कि वह तिगांव थाने में मामले की जांच (तफ्तीश) में शामिल होने जा रहा है. लेकिन रास्ते में ही लड़की के परिजनों ने करीब 10-12 लोगों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया. आरोप है कि मोनू को तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और जैसे ही उसे होश आता, उसे दोबारा बेरहमी से पीटा जाता था.
पुलिस को घर में लहूलुहान मिला युवक
20 मई को लड़की के परिजनों ने खुद तिगांव थाने में सूचना दी कि वांछित आरोपी मोनू उनके घर में है और उन्होंने उसे पकड़ रखा है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मोनू की हालत बेहद गंभीर थी और उसे बुरी तरह पीटा गया था. पुलिस ने तुरंत उसे अपनी गाड़ी से बल्लमगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए उसे फरीदाबाद के एशियन अस्पताल (मैरिंगो एशिया) रेफर कर दिया गया。 दो दिन तक मौत से जूझने के बाद इलाज के दौरान मोनू ने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, 2 हिरासत में
मोनू की मौत के बाद पुलिस ने मृतक के पिता भीम सिंह की शिकायत पर अपहरण और हत्या सहित संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस मामले में पांच-छह नामजद और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में (राउंड अप) ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है.
ADVERTISEMENT


