बरेली: पति को गर्लफ्रेंड के साथ कार में देख बोनट पर कूदी पत्नी, कई मीटर तक घसीटा, फिर...

Bareilly: बरेली के देवचरा चौराहे पर एक महिला ने अपने पति को किसी दूसरी महिला के साथ कार में देख लिया, जिसके बाद वह विरोध जताने के लिए चलती कार के बोनट पर चढ़ गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई.

बरेली न्यूज
बरेली न्यूज

कृष्ण गोपाल राज

follow google news

उत्तर प्रदेश के बरेली से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर लोग दंग रह गए. यहां एक पत्नी ने अपने पति को किसी दूसरी महिला के साथ रंगे हाथ पकड़ने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी. देवचरा चौराहे पर हुए इस पूरे घटनाक्रम का एक लाइव वीडियो वहां दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह पूरी घटना बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के देवचरा चौराहे की है. जानकारी के मुताबिक, गोदावरी (वीडियो में शुरुआती नाम उषा बताया गया, लेकिन पुलिस के अनुसार असली नाम गोदावरी है) नाम की महिला अपने बच्चे के साथ चौराहे पर खड़ी थी. इसी दौरान उसकी नजर वहां से गुजर रही एक कार पर पड़ी, जिसे उसका पति नेत्रपाल चला रहा था और उसकी बगल वाली सीट पर गांव की ही एक दूसरी लड़की बैठी हुई थी. पति पर महिला को पहले से ही शक था, और जब उसने दोनों को साथ देखा तो वह खुद को रोक नहीं पाई.

जान की परवाह किए बिना कार के बोनट पर चढ़ी पत्नी

जैसे ही कार देवचरा फूल मंडी के पास एक स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई, पत्नी ने मौका पाकर दौड़ लगाई और सीधे चलती कार के बोनट पर चढ़ गई. हैरान करने वाली बात यह रही कि पत्नी को बोनट पर देखने के बाद भी पति नेत्रपाल ने गाड़ी रोकने की बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी. महिला चलती कार के बोनट को कसकर पकड़े रही और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई.

भीड़ ने पति को सिखाया सबक

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर इकट्ठा हो गए. वहां मौजूद कुछ बाइक सवार युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी बाइक कार के आगे लगा दी और गाड़ी को रुकवाया. कार रुकते ही गुस्साए लोगों ने पति नेत्रपाल को नीचे उतारा और उसकी जमकर धुनाई कर दी. हालांकि, इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पति अपनी प्रेमिका के साथ वहां से भागने में कामयाब रहा.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला भमोरा थाने तक पहुंच गया है. इस मामले पर एसपी दक्षिणी (SP Southern) अंशिका वर्मा ने बताया कि 6 जून 2026 को देवचरा चौराहे का यह वीडियो संज्ञान में आया था. महिला गोदावरी की तहरीर पर पति नेत्रपाल के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 261/26 पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

 

    follow google news