ADVERTISEMENT
Hem Bhatt News: उत्तराखंड पुलिस की एक कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल, उत्तराखंड पुलिस ने यूट्यूब चैनल जय भारत टीवी के पत्रकार हेम भट्ट को शनिवार तड़के हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि पुलिस सुबह करीब 4:15 बजे उनके घर पहुंची और उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई. इस कार्रवाई के बाद राज्य में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. विपक्षी नेता इसे पत्रकार को डराने और दबाव बनाने की कार्रवाई बता रहा है. वहीं पुलिस का कहना है कि ₹20 हजार के इनामी और 26 मुकदमों में वांछित आरोपी प्रदीप सकलानी ने पूछताछ के दौरान हेम भट्ट का नाम लिया था. इसी आधार पर पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए लेकर आई है. पुलिस इस मामले को बीजेपी विधायक अरविंद पांडे से भी जोड़कर देखा जा रहा है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं इस खबर में...
पत्रकार की पत्नी ने लगाए सुबह 4:15 बजे मारपीट के आरोप
इस पूरे घटनाक्रम पर पत्रकार हेम भट्ट की पत्नी का बयान सामने आया है. उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हेम भट्ट की पत्नी का कहना है कि सुबह करीब सवा 4 बजे एक पुलिसकर्मी के साथ चार लंबे-चौड़े लोग अचानक उनके घर में घुस आए. घर में घुसते ही वे लोग हेम भट्ट के साथ मारपीट करने लगे. पत्नी का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पति को बचाने के लिए बीच बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें कहा गया कि वे इस मामले के बीच में बिल्कुल न आएं. पत्नी ने बताया कि उन लोगों ने कहा कि वे हेम भट्ट को केवल पूछताछ के लिए ले जा रहे हैं.
देखें पत्नी का वीडियो
बीजेपी विधायक अरविंद पांडे का क्या है मामला?
दरअसल, गदरपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक अरविंद पांडे का हाल ही में हेम भट्ट ने एक इंटरव्यू किया था. ऐसे में विधायक अरविंद पांडे ने इस मामले में बोलते हुए पुलिस प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. अरविंद पांडे ने कहा कि पुलिस ने पत्रकार हेम भट्ट और उनके परिवार के साथ अभद्रता की है. उन्होंने इस पूरी कार्रवाई को अपने इंटरव्यू से जोड़ा. उन्होंने कहा कि कहा कि हेम भट्ट का कसूर सिर्फ इतना है कि कल उन्होंने मेरा एक इंटरव्यू लिया था. विधायक ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस उत्पीड़न से हेम भट्ट की पत्नी को हार्ट अटैक आया या हेम भट्ट को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी उत्तराखंड पुलिस की होगी. उन्होंने पुलिस प्रशासन से पत्रकार हेम भट्ट को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की है.
विवाद बढ़ने पर देहरादून पुलिस ने सामने रखा अपना पक्ष
मामले में विवाद बढ़ने के बाद देहरादून पुलिस ने इस पर अपना आधिकारिक बयान जारी किया है. एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एक भूमि घोटाले से जुड़ी हुई है. उन्होंने बताया कि कथित भूमि घोटाले के आरोपी प्रदीप सकलानी को गिरफ्तार कर जब पूछताछ की जा रही थी. इस दौरान उसने पत्रकार हेम भट्ट का नाम लिया.पु लिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप सकलानी के खिलाफ अलग-अलग थानों में भूमि धोखाधड़ी के 26 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. इसके अलावा अलग-अलग अदालतों में दो दर्जन से ज्यादा चेक बाउंस के मामले भी लंबित चल रहे हैं.
प्रदीप सकलानी के बयान के बाद हेम भट्ट को थाने लाई पुलिस
एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रदीप सकलानी ने पूछताछ में जिनके नाम लिए थे, उन सभी को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया जा रहा है. इसी सिलसिले में पत्रकार हेम भट्ट काे पूछताछ के लिए थाना नेहरू कॉलोनी पर लाया गया है. पुलिस उनसे इस घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटा रही है कि प्रदीप सकलानी ने उनका नाम क्यों लिया और इसमें उनका क्या रोल था. पुलिस ने का कहना है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों से भी जानकारी ली जाएगी.
कौन है प्रदीप सकलानी?
पुलिस ने अनुसार प्रदीप सकलानी ₹20,000 का इनामी अपराधी था, जिसे थाना रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. प्रदीप के खिलाफ तीन मामले थाना नेहरू कॉलोनी पर और एक मामला थाना रायपुर पर दर्ज था, जिसमें पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इस बीच हिरासत में लेकर प्रदीप से जब पूछताछ की गई तो इसने धोखाधड़ी में शामिल अपने अन्य साथियों के नाम भी लिए. पुलिस के मुताबिक इसमें पत्रकार हेम भट्ट का नाम भी शामिल था. फिलहाल इस मामले ने पूरे उत्तराखंड की राजनीति को गरमा दिया है और हर कोई यह जानना चाहता है कि यह सिर्फ सामान्य पूछताछ है या इसके पीछे कोई बड़ी कहानी है.
यह भी पढ़ें: देवभूमि में सड़कों पर नमाज नहीं होने देंगे, कानून से ऊपर कोई नहीं- सीएम धामी
ADVERTISEMENT


