Assam Assembly Elections 2026:असम विधानसभा चुनाव के मतदान के बीच जोरहाट सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और सांसद गौरव गोगोई ने अपनी जीत और राज्य के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है. मतदान केंद्र पर अपनी मां के साथ वोट डालने पहुंचे गौरव गोगोई ने कहा कि असम की जनता ने अपना मन बना लिया है और आने वाली 4 तारीख (नतीजों का दिन) को राज्य में एक सशक्त, सबल और सभ्य सरकार दिखाई देगी.
ADVERTISEMENT
"जनता के हाथों में है असम की कमान"
गौरव गोगोई ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें लोगों का जो आशीर्वाद और उत्साह मिला है, उससे यह साफ है कि असम के लोग अब राज्य की कमान अपने हाथों में ले रहे हैं. उन्होंने कहा, "लोग असम में खुशहाली, एकजुटता और एक नए असम की कल्पना के साथ मतदान कर रहे हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि परिणाम असम की सभ्यता और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में होंगे."
पिता की विरासत और कड़ा मुकाबला
जोरहाट गौरव गोगोई के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय तरुण गोगोई का गढ़ रहा है. यहां उनका मुकाबला बीजेपी के मजबूत उम्मीदवार से है, जो कई बार विधायक रह चुके हैं. इस पर गौरव ने कहा, "हम अपने हर राजनीतिक विरोधी का सम्मान करते हैं. जोरहाट के लोग जानते हैं कि उन्हें कैसा भविष्य चाहिए. व्यक्तिगत भविष्य से ज्यादा आज असम का भविष्य महत्वपूर्ण है."
दिल्ली या असम? क्या बोले गौरव गोगोई
जब उनसे सवाल किया गया कि सांसद होने के बावजूद वे विधायकी का चुनाव लड़ रहे हैं, तो क्या जीतने के बाद वे असम में ही रहेंगे या वापस दिल्ली चले जाएंगे? इस पर उन्होंने सीधा जवाब देने के बजाय कहा, "आज व्यक्तिगत भविष्य के बारे में सोचने का दिन नहीं है. आज असम के भविष्य के निर्णायक का दिन है. जोरहाट की जनता जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी शालीनता से निभाया जाएगा."
वोट डालने के बाद गौरव गोगोई ने अपनी मां की उपस्थिति को अपने लिए खास बताया. उन्होंने कहा कि पिछली बार लोकसभा चुनाव के समय उनके स्वास्थ्य के कारण वे साथ नहीं थीं, लेकिन आज उनका आशीर्वाद और वोट उनके साथ है.
ADVERTISEMENT


