Pushkar Singh Dhami Bengal Rally: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं. ऐसे में प्रदेश में सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार प्रसार में जुटी हुई है. इसी कड़ी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के बनगांव पहुंचे. यहां सीएम धामी बनगांव दक्षिण सीट से स्वप्न मजूमदार, बनगांव उत्तर सीट से अशोक कीर्तनिया, बगदा सीट से सोमा ठाकुर और गैघाटा सीट से सुब्रत ठाकुर के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए. इस कार्यक्रम से पहले उन्होंने एक रोड शो और जनसभा के जरिए लोगों से बीजेपी के पक्ष में मतदान की अपील की. इस दौरान रोड शो और जनसभा में भारी संख्या में भीड़ उमड़ी. इसो माना जा रहा है कि अब सीएम धामी उत्तराखंड की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं.
ADVERTISEMENT
कठोर फैसलों और धाकड़ नेता की छवि
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक धाकड़, निर्णायक और सख्त फैसले लेने वाले नेता के रूप में देखा जाता है. उत्तराखंड में चाहे समान नागरिक संहिता लागू करने का निर्णय हो, अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान, नकल विरोधी कानून या भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई - इन फैसलों ने उन्हें एक मजबूत प्रशासक के रूप में स्थापित किया है. उत्तराखंड में लिए गए इन निर्णयों के चलते कई लोग उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखते हैं जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए काम कर रहे हैं.
स्टार प्रचारक के रूप में मिली राष्ट्रीय पहचान
माना जा रहा है कि इसी वजह से कर्नाटक, ओडिशा, बिहार, पंजाब और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भी चुनावों के दौरान बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री धामी का नाम भी शामिल रहा. अब पश्चिम बंगाल में भी बीजेपी ने सीएम धामी को चुनावी रण में उतारा है, जहां उनके कार्यक्रमों में उमड़ रही भीड़ उनकी बढ़ती लोकप्रियता का संकेत मानी जा रही है.
ममता सरकार पर जमकर साधा निशाना
बंगाल में बनगांव की जनसभा में मुख्यमंत्री धामी ने टीएमसी और ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की सरकार एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक ''सिंडिकेट'' के रूप में काम कर रही है. कट और कमीशन इस सरकार की पहचान बन चुके हैं. लोगों को डराना, धमकाना और लूटना इनकी राजनीति का हिस्सा बन गया है.
पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर- धामी
उन्होंने कहा कि देशभर में डबल इंजन सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और पश्चिम बंगाल में भी डबल इंजन सरकार बनने के बाद विकास, समृद्धि और सुशासन का नया दौर शुरू होगा. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनगांव की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का संकेत है कि इस बार पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर है और भारी बहुमत से कमल खिलने जा रहा है.
जनता से बीजेपी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील
उन्होंने जनता से बीजेपी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि कमल खिलेगा तो समृद्धि आएगी, विकास आएगा और कानून का राज स्थापित होगा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की छवि एक ऐसे धाकड़ और निर्णायक नेता की बन चुकी है, जो सख्त फैसले लेने से पीछे नहीं हटते और यही उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभर रही है. पश्चिम बंगाल में उनका यह दौरा बीजेपी के चुनाव अभियान को और धार देने वाला माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT


