दिवाली की चमक-धमक और आतिशबाजी के बाद, हर साल सनातन धर्म में जिस पावन दिन का बेसब्री से इंतजार रहता है, वह है 'देवउठनी एकादशी'. मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन सृष्टि के पालहार भगवान हरि विष्णु चार महीने की लंबी योग निद्रा से जागते हैं.
ADVERTISEMENT
भगवान के जागते ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शहनाइयों की गूंज, गृह प्रवेश तथा मुंडन जैसे सभी शुभ व मांगलिक कार्यों का सिलसिला दोबारा शुरू हो जाता है. इसे 'प्रबोधिनी एकादशी' और 'देवोत्थान एकादशी' भी कहा जाता है. अगर आप भी इस साल देवउठनी एकादशी का व्रत रखने की सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि 2026 में यह एकादशी किस दिन पड़ रही है, इसके पूजन के शुभ मुहूर्त क्या हैं और व्रत का पारण कब करना सबसे फलदायी रहेगा.
कब रखा जाएगा देवउठनी एकादशी का व्रत?
कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि का हिंदू परंपराओं में बहुत बड़ा धार्मिक महत्व है.
- एकादशी तिथि का प्रारंभ: 20 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को सुबह 7:15 बजे से.
- एकादशी तिथि का समापन: 21 नवंबर 2026 (शनिवार) को सुबह 6:31 बजे तक.
- व्रत की सही तारीख: उदयातिथि के नियम को मानते हुए गृहस्थ श्रद्धालुओं के लिए 20 नवंबर 2026 को व्रत रखना उत्तम रहेगा. वहीं, वैष्णव संप्रदाय का पालन करने वाले लोग 21 नवंबर को गौण एकादशी का व्रत रखेंगे.
पूजा के लिए शुभ मुहूर्त और रवि योग का संयोग
देवउठनी एकादशी के पूरे दिन 'रवि योग' का अद्भुत संयोग बन रहा है. ज्योतिष शास्त्र में रवि योग को पूजा-पाठ, जप और दान-पुण्य के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है.
दिनभर में पूजा-अर्चना के प्रमुख मुहूर्त इस प्रकार हैं:
- ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 05:01 से 05:44 तक
- विजय मुहूर्त: दोपहर 01:53 से 02:35 तक
- गोधूलि मुहूर्त: शाम 05:26 से 05:52 तक
- निशिता मुहूर्त (रात्रि पूजा): रात 11:40 से 12:34 (21 नवंबर) तक
कब और कैसे करें व्रत का पारण?
एकादशी के व्रत में जितना महत्व उपवास रखने का है, उतना ही सही समय पर पारण (व्रत खोलना) करने का भी है. शास्त्र कहते हैं कि एकादशी व्रत का पारण हमेशा अगले दिन द्वादशी तिथि के रहते ही कर लेना चाहिए.
- पारण की तिथि: 21 नवंबर 2026 (शनिवार)
- पारण का शुभ समय: दोपहर 01:10 बजे से लेकर 03:18 बजे तक
धार्मिक महत्व, क्यों खास है यह दिन?
आषाढ़ शुक्ल एकादशी (देवशयनी एकादशी) के दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में योग निद्रा के लिए चले जाते हैं. इन चार महीनों (चातुर्मास) में मांगलिक कार्य रोक दिए जाते हैं.
कार्तिक एकादशी को जब भगवान जागते हैं, तब पुनः मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. इस दिन लक्ष्मी-नारायण की भक्तिभाव से पूजा करने पर जीवन के सारे संकट दूर होते हैं और धन-समृद्धि का आगमन होता है.
सरल पूजा विधि: ऐसे करें भगवान विष्णु को प्रसन्न
1. संकल्प लें: सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें, साफ या पीले वस्त्र पहनें और व्रत का संकल्प करें.
2. स्थान तैयार करें: घर के मंदिर को साफ कर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें.
3. अर्पण: प्रभु को पीले फूल, मौसमी फल, पीले वस्त्र और विशेष रूप से तुलसी दल अर्पित करें (ध्यान रखें कि तुलसी का पत्ता एक दिन पहले ही तोड़ लें).
4. दीपक और पाठ: शुद्ध घी का दीपक जलाकर 'विष्णु सहस्रनाम' का पाठ करें या 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें.
5. देव जगाने की परंपरा: शाम को गन्ने का मंडप बनाकर शंख, घंटी बजाकर और मंगल गीत गाकर भगवान को योग निद्रा से जगाने की रस्म निभाएं.
6. आरती व प्रसाद: अंत में आरती उतारकर फलाहार या प्रसाद बांटें.
तुलसी विवाह का विशेष संयोग
देवउठनी एकादशी पर या इसके अगले दिन द्वादशी को 'तुलसी विवाह' का आयोजन भी किया जाता है. पौराणिक मान्यता है कि इस दिन माता लक्ष्मी के स्वरूप तुलसी जी का विवाह भगवान विष्णु के अवतार शालिग्राम जी से कराया जाता है.
साल 2026 में 21 नवंबर को तुलसी विवाह रचाया जाएगा. इस दिन तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाकर शालिग्राम जी के साथ पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाता है, जिससे घर में सुख-शांति बनी रहती है.
ये भी पढ़ें: Surya Gochar 2026: सूर्य के वृश्चिक राशि में आते ही इन 7 राशियों की चमकेगी किस्मत, बंपर धन लाभ के योग!
ADVERTISEMENT


