आमतौर पर लोग पर्स का इस्तेमाल सिर्फ पैसे और अपने जरूरी दस्तावेज रखने के लिए करते हैं. लेकिन ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, आपका पर्स सिर्फ एक वस्तु नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध आपकी किस्मत और भाग्य से होता है. अगर आप अपने पर्स को सही तरीके से और नियमों के अनुसार रखेंगे तो उसमें हमेशा बरकत बनी रहेगी, धन का आगमन सरलता से होगा और आपको कभी भी आर्थिक तंगी का सामना नहीं करना पड़ेगा. एस्ट्रो तक पर ज्योतिषाचार्य शैलेंद्र पांडेय ने कुछ बेहद महत्वपूर्ण वास्तु टिप्स साझा किए हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने पर्स के माध्यम से अपनी संपन्नता और समृद्धि को हमेशा बनाए रख सकते हैं.
ADVERTISEMENT
पर्स और आपके भाग्य का अटूट कनेक्शन
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, पर्स धन रखने का एक मुख्य और पवित्र स्थान माना जाता है. इसलिए इसका उपयोग करते समय कुछ विशेष सावधानियां बरतनी बेहद जरूरी होती हैं. यदि आप अपने बटुए को व्यवस्थित और साफ-सुथरा रखते हैं, तो उसमें सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है जिससे निरंतर धन का प्रवाह आपकी तरफ आकर्षित होता है. इसके विपरीत, गलत तरीके से रखा गया पर्स न केवल पैसों की बर्बादी का कारण बनता है, बल्कि जीवन में तंगी और आर्थिक अभाव भी लेकर आता है.
परिवार का चित्र और शुभ प्रतीक रखना है लाभकारी
पर्स में रखे जाने वाले सामान को लेकर अक्सर लोग गलतियां करते हैं. ज्योतिष के अनुसार, आपको अपने बटुए में कभी भी देवी-देवताओं या अपने गुरु की तस्वीरें नहीं रखनी चाहिए. इसके बजाय, आप अपने परिवार के सदस्यों की मुस्कुराती हुई तस्वीर रख सकते हैं. इसके अलावा, पर्स में 'ॐ'(Om) का प्रतीक या लाल रंग से बना हुआ 'स्वास्तिक' रखना बेहद शुभ माना जाता है. ध्यान रहें कि आप जो भी चित्र या शुभ प्रतीक अपने बटुए में रख रहे हैं, वह कहीं से भी फटा या गंदा नहीं होना चाहिए, बल्कि पूरी तरह से साफ-सुथरा और सुरक्षित होना चाहिए.
रुपए-पैसों को ठूंस कर रखने से बढ़ती है बर्बादी
अक्सर देखा जाता है कि लोग जल्दबाजी में नोटों को मरोड़कर या ठूंस कर पर्स में डाल लेते हैं, जो वास्तु के लिहाज से बिल्कुल गलत है. पर्स में रुपए और पैसों को हमेशा सीधे और सलीके से व्यवस्थित करके रखना चाहिए. इसके साथ ही, सिक्कों को कभी भी कागजी नोटों के साथ मिलाकर नहीं रखना चाहिए, सिक्कों के लिए पर्स में एक अलग जगह या पॉकेट का इस्तेमाल करना श्रेयस्कर होता है. जो लोग नोटों को गलत और अस्त-व्यस्त तरीके से रखते हैं, उनके पैसों के बेवजह बर्बाद होने और फालतू के खर्चे बढ़ने की संभावना काफी ज्यादा हो जाती है.
स्थाई धन के लिए रखें सोने या पीतल का चौकोर टुकड़ा
यदि आप चाहते हैं कि आपके बटुए में हमेशा स्थाई रूप से धन टिका रहे, तो ज्योतिष में इसका एक अचूक उपाय बताया गया है. आपको सोने या पीतल का एक छोटा सा चौकोर (वर्ग) टुकड़ा अपने पर्स में रखना चाहिए. इसे धारण करने की एक विशेष विधि है, सबसे पहले इस टुकड़े को गंगाजल से अच्छी तरह धोकर शुद्ध कर लें और फिर किसी भी गुरुवार के दिन इसे अपने पर्स में स्थापित करें. हर महीने एक बार इस टुकड़े को पर्स से बाहर निकालें, दोबारा गंगाजल से धोकर शुद्ध करें और वापस रख लें. इस उपाय से आपके पास पैसों की कमी नहीं होगी और निरंतर धन लाभ होता रहेगा.
अनावश्यक कागजों का अंबार लगाने से चोरी का खतरा
कई लोगों की आदत होती है कि वे पुराने बिल, रसीदें और ढेरों विजिटिंग कार्ड्स अपने पर्स में भरकर रखते हैं. ज्योतिषाचार्य ने बताया कि वास्तु के अनुसार, पर्स में पैसों की तुलना में कागजों का ढेर लगाना बेहद नुकसानदेह साबित होता है. बटुए में बहुत ही सीमित और बेहद जरूरी कागज ही रखने चाहिए. यदि आपके पर्स में पैसों से ज्यादा कागज भरे होंगे, तो इससे धन का फिजूलखर्ची बढ़ता है. इतना ही नहीं, बहुत ज्यादा कागजों से भरे रहने वाले पर्स के खो जाने या चोरी होने का खतरा भी काफी हद तक बढ़ जाता है.
भाग्य चमकाएगी राशि से जुड़ी ये खास वस्तु
अपने बटुए को भाग्यशाली बनाने का एक बेहतरीन तरीका यह है कि आप उसमें अपनी राशि से संबंधित कोई छोटी सी वस्तु या उसका प्रतीक स्वरूप जरूर रखें. उदाहरण के तौर पर, यदि आपकी राशि मकर या कुंभ है, तो आप लोहे का एक छोटा सा टुकड़ा अपने पर्स में रख सकते हैं. वहीं कर्क राशि वाले जातकों को अपने पास चांदी का छोटा सा टुकड़ा रखना चाहिए. अगर आप धातु नहीं रखना चाहते, तो अपनी राशि के अनुकूल रंग का कोई छोटा सा कागज का टुकड़ा भी रख सकते हैं. जैसे धनु राशि वाले पीले रंग का कागज का टुकड़ा रख सकते हैं. अपनी राशि के अनुसार वस्तु रखने से पर्स आपके भाग्य को बल देता है और धन की प्राप्ति बहुत ही सुगमता से होने लगती है.
क्या हरे रंग का पर्स रखने से सच में आता है बहुत पैसा?
आम जनमानस में यह धारणा बनी हुई है कि हरे रंग का पर्स रखने से पैसों की बारिश होने लगती है. ज्योतिषीय दृष्टिकोण से देखा जाए तो हरा रंग 'बुध' ग्रह का प्रतिनिधित्व करता है, और बुध का सीधा संबंध व्यापार, लेनदेन और धन के आगमन से होता है. हालांकि, यह नियम हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू नहीं होता. जिन लोगों की कुंडली में बुध ग्रह मजबूत स्थिति में है और शुभ फल दे रहा है, उन्हें हरा पर्स रखने से निश्चित रूप से भारी धन लाभ होगा. लेकिन, यदि किसी की कुंडली में बुध ग्रह अशुभ या कमजोर स्थिति में है, तो हरा पर्स रखने से उन्हें फायदे की जगह आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसलिए बिना कुंडली दिखाए अंधानुकरण करने से बचना चाहिए.
यहां देखें वीडियो
{Disclaimer: यह खबर ज्योतिष पर आधारित है और इसे ज्योतिषविद शैलेंद्र पांडेय के हवाले से लिखी गई है. ज्योतिष पर आधारित मान्यताओं की न्यूज तक(newstak.in) पुष्टि नहीं करता है.}
ADVERTISEMENT


