बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, इसके बावजूद अवैध शराब के धंधेबाज कानून से बचने के लिए रोज नए-नए और शातिर तरीके ढूंढ रहे हैं। ताजा मामला पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा से सामने आया है, जहां तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसा नायाब तरीका अपनाया जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
ADVERTISEMENT
अंडे के कैरेट के नीचे चल रहा था खेल
धनहा थाना पुलिस चेकपोस्ट पर रोजाना की तरह वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी लेनी शुरू की। गाड़ी को ऊपर से देखने पर ऐसा लग रहा था कि उसमें सिर्फ अंडों के कैरेट लदे हुए हैं। हालांकि, जब पुलिस ने गहराई से छानबीन की तो चौंकाने वाला सच सामने आया। तस्करों ने अंडों के कैरेट के ठीक नीचे गुप्त तरीके से अंग्रेजी शराब की बोतलें छिपा रखी थीं।
चालक गिरफ्तार, बेतिया ले जाई जा रही थी खेप
पुलिस पूछताछ और शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की यह अवैध खेप बेतिया की तरफ सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप को जब्त कर लिया और मौके से वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार ड्राइवर की पहचान परसौनी गांव के रहने वाले निरंजन गिरी के रूप में हुई है।
बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
एसडीपीओ बगहा नीहार भूषण ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान यह सफलता मिली है। पुलिस अब गिरफ्तार चालक से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह शराब कहां से लाई गई थी और बेतिया में इसे किस शख्स तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी के पीछे सक्रिय बड़े सिंडिकेट और नेटवर्क का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
ADVERTISEMENT


