भोजपुरी फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा एक राजनीतिक मुलाकात को लेकर चर्चा में हैं. अक्षरा सिंह ने जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और निशांत कुमार से मुलाकात की है. इस मुलाकात की तस्वीरें दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं. तस्वीरें सामने आने के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. अब सवाल उठने लगा है कि क्या भोजपुरी क्वीन अक्षरा सिंह राजनीति में अपनी नई पारी जेडीयू के साथ शुरू करने जा रही हैं?
ADVERTISEMENT
जन सुराज से जुड़ी थीं अक्षरा सिंह
अक्षरा सिंह पहले ही राजनीति में अपनी दिलचस्पी दिखा चुकी हैं. उन्होंने प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान से खुद को जोड़ा था. साल 2023 में लोकसभा चुनाव के दौरान वह जन सुराज से जुड़ी थीं. उस समय उन्होंने सामाजिक बदलाव के अभियान में शामिल होने की बात कही थी. उनके इस फैसले के बाद बिहार में उनके चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगने लगी थीं, हालांकि उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा.
क्या जन सुराज से दूर हो रही हैं अक्षरा सिंह?
अब संजय झा और निशांत कुमार से मुलाकात के बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या अक्षरा सिंह जन सुराज से दूरी बना रही हैं? क्या प्रशांत किशोर के अभियान से जुड़ने के बाद अब वह जेडीयू के साथ अपनी राजनीतिक पारी आगे बढ़ाना चाहती हैं? फिलहाल अक्षरा सिंह की ओर से जन सुराज छोड़ने या किसी दूसरी पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. इसलिए इस मुलाकात के आधार पर उनके राजनीतिक फैसले को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.
अक्षरा सिंह के साथ उनके पिता भी रहे मौजूद
संजय झा और निशांत कुमार से मुलाकात के दौरान अक्षरा सिंह के पिता भी उनके साथ मौजूद थे. संजय झा के सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करने के बाद इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गईं. हालांकि, मुलाकात को लेकर निशांत ने लिखा कि भोजपुरी अभिनेत्री, बहन अक्षरा सिंह मुझे दिवाली की शुभकामनाएं देने आयी थी. मैंने भी उन्हें स्नेह आशीष दिया. बिहार का उज्ज्वल भविष्य युवाओं के ही मज़बूत कंधे पर है. वहीं, संजय झा ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि आज पटना स्थित आवास पर भोजपुरी एवं हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह जी ने अपने पिताजी के साथ शिष्टाचार मुलाकात की.
पवन सिंह बीजेपी में, क्या अक्षरा भी करेंगी सियासी पारी की शुरुआत?
अक्षरा सिंह की इस मुलाकात के बाद भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री और बिहार की राजनीति के चर्चित नामों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. पवन सिंह भी राजनीति में सक्रिय हैं और बीजेपी से जुड़े हुए हैं. ऐसे में अक्षरा सिंह की जेडीयू नेताओं से मुलाकात ने नई अटकलों को जन्म दिया है. क्या अक्षरा सिंह भी जल्द किसी राजनीतिक दल का हिस्सा बनेंगी? क्या वह जन सुराज छोड़कर जेडीयू का दामन थामेंगी? फिलहाल इन सवालों का जवाब आना बाकी है.
जेडीयू में शामिल होने पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
अक्षरा सिंह के जेडीयू में शामिल होने को लेकर अभी तक न तो पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा की गई है और न ही खुद अभिनेत्री ने इस बारे में कुछ स्पष्ट किया है. ऐसे में फिलहाल संजय झा और निशांत कुमार से उनकी मुलाकात को लेकर सियासी अटकलें ही लगाई जा रही हैं. अब देखना होगा कि यह मुलाकात महज एक शिष्टाचार भेंट थी या अक्षरा सिंह की राजनीति में किसी नई शुरुआत का संकेत.
ADVERTISEMENT


