कांस फिल्म फेस्टिवल में चमकीं आम्रपाली दुबे, 'बीवी हो तो ऐसी' के फर्स्ट लुक ने ग्लोबल स्टेज पर मचाया धमाल

Cannes Film Festival 2026: कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 में भोजपुरी सिनेमा ने रचा इतिहास. फ्रांस में आयोजित Cannes Film Festival के भारत पवेलियन में आम्रपाली दुबे की फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' का फर्स्ट लुक लॉन्च हुआ. पोस्टर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर आम्रपाली दुबे का लुक वायरल हो गया है. विस्तार से जानिए पूरी डिटेल.

Amrapali Dubey
Amrapali Dubey

हर्षिता सिंह

follow google news

अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर भोजपुरी सिनेमा का डंका बजा है. फ्रांस में चल रहे प्रतिष्ठित Cannes Film Festival 2026 में भोजपुरी सिनेमा ने अपना परचम लहराते हुए इतिहास रच दिया है. वैश्विक स्तर पर आयोजित इस फिल्म फेस्टिवल के तहत 20 मई को भारत पवेलियन में भोजपुरी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' का फर्स्ट लुक पोस्टर बेहद भव्य तरीके से लॉन्च किया गया. इस ऐतिहासिक और खास मौके पर फिल्म के लीड मेकर्स, स्टार कास्ट और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं, जिन्होंने कार्यक्रम की रौनक को दोगुना कर दिया.

Read more!

आम्रपाली दुबे के लुक ने बढ़ाई धड़कनें

इस फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में भोजपुरी सिनेमा की मशहूर और दिग्गज अदाकारा आम्रपाली दुबे लीड रोल में नजर आ रही हैं. पोस्टर के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है. आम्रपाली दुबे के इस शानदार पोस्टर लुक ने इंटरनेशनल मंच पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं. पोस्टर रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच इस फिल्म को देखने की बेताबी साफ नजर आ रही है और फैंस सोशल मीडिया पर फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

भोजपुरी सिनेमा के लिए गर्व और ऐतिहासिक पल

फिल्म के पोस्टर लॉन्च के इस विशेष अवसर पर कांस फिल्म फेस्टिवल में मौजूद रहे फिल्म के प्रोड्यूसर निशांत उज्जवल बेहद उत्साहित नजर आए. उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे भोजपुरी सिनेमा और इंडस्ट्री के लिए एक बेहद गर्व का क्षण और ऐतिहासिक पल करार दिया है. निशांत उज्जवल ने कहा कि कांस जैसे इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर किसी भोजपुरी फिल्म का पोस्टर रिलीज होना अपने आप में एक बहुत बड़ी और गर्व की बात है.

ग्लोबल स्टेज पर पहुंचेगी भोजपुरी की भावना और संस्कृति

कांस के भारत पवेलियन में फिल्म का पोस्टर लॉन्च करते हुए प्रोड्यूसर निशांत उज्जवल ने वैश्विक दर्शकों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भोजपुरी सिनेमा करोड़ों लोगों की भावनाओं, उनकी संस्कृति और उनके दिल को अपने भीतर समेटे हुए है. आज हमें बेहद गर्व महसूस हो रहा है कि हम भोजपुरी की इसी भावना और ताकत को एक ग्लोबल स्टेज पर लेकर आए हैं. उन्होंने यह भी साझा किया कि फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' को बेहद प्यार, भरपूर मनोरंजन, फैमिली वैल्यूज और समाज से जुड़े मजबूत कनेक्शन को ध्यान में रखकर बनाया गया है.

मेकर्स ने जताया दर्शकों और टीम का आभार

संबोधन के दौरान निशांत उज्जवल ने फिल्म से जुड़े सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया. उन्होंने फिल्म की पूरी स्टार कास्ट, कास्टिंग पार्टनर्स के साथ-साथ 'इम्पा' के अध्यक्ष अभय सिन्हा और इम्पा की पूरी टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया. इसके साथ ही उन्होंने भोजपुरी के दर्शकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि दर्शकों का प्यार और सपोर्ट ही भोजपुरी सिनेमा को इस मुकाम तक लेकर आया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने में सफल साबित होगी. उन्होंने अपने भाषण का समापन पारंपरिक अंदाज में 'सबके प्रणाम करत, जय भोजपुरी' कहकर किया.

सुर्खियों में बनी हुई हैं अभिनेत्री आम्रपाली दुबे

फिल्म की मुख्य अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों अपनी पेशेवर जिंदगी के साथ-साथ अपनी निजी चर्चाओं को लेकर भी काफी सुर्खियों में बनी हुई हैं. दरअसल, हाल ही में आम्रपाली दुबे को भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के साथ मुंबई में कई अलग-अलग मौकों पर एक साथ स्पॉट किया गया है. दोनों के एक साथ नजर आने के बाद से ही गलियारों में उनकी चर्चाएं और भी ज्यादा तेज हो गई हैं. फिलहाल, अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस बड़ी कामयाबी के बाद अब हर किसी की नजरें फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' के ट्रेलर और इसकी रिलीज डेट पर टिकी हुई हैं.

यहां देखें वीडियो

 

    follow google news