बिहार की राजनीति में एक बार फिर से गरमा-गर्मी का माहौल देखने को मिल रहा है. बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन ने शिवहर लोकसभा सीट और अपनी पत्नी लवली आनंद के राजनीतिक भविष्य को लेकर बेहद कड़े तेवर दिखाए हैं. 'बिहार तक' को दिए एक खास इंटरव्यू में आनंद मोहन ने विरोधियों और अपनी ही सहयोगी पार्टी के नेताओं को खुली चेतावनी दे दी है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे कोई भीख का कटोरा लेकर राजनीति नहीं करते हैं और किसी की इतनी हैसियत नहीं है जो लवली आनंद का टिकट काट सके. आनंद मोहन ने दोटूक लहजे में कहा कि 'आग से खेलने की कोशिश न करें, मैं किसी मुर्दा कौम का नेता नहीं हूं, बल्कि एक जिंदा कौम का नेता हूं.' विस्तार से जानिए आनंद मोहन ने और क्या-कुछ कहा.
ADVERTISEMENT
शिवहर से लवली आनंद ही लड़ेंगी 2029 का चुनाव
जब आनंद मोहन से पूछा गया कि क्या आगामी 2029 के लोकसभा चुनाव में शिवहर सीट से लवली आनंद ही मैदान में उतरेंगी, तो उन्होंने इसे पूरी तरह से साफ कर दिया. आनंद मोहन ने कहा कि इसमें किसी तरह का कोई शक या सवाल ही नहीं होना चाहिए. दुनिया का कोई भी नेता आ जाए, शिवहर से लवली आनंद ही चुनाव लड़ेंगी और भारी मतों से जीत दर्ज करेंगी. उन्होंने यह भी जोड़ा कि समीकरण साधना उन्हें अच्छी तरह से आता है और वे आज भी हर दिन 200 से 500 किलोमीटर की यात्रा तय करके जनता के बीच बने हुए हैं, इसलिए उन्हें खत्म करने की कोशिश करने वाले कभी कामयाब नहीं हो सकते.
ऋतु जायसवाल की बीजेपी में एंट्री पर कही यह बात
शिवहर के स्थानीय समीकरणों और हाल ही में आरजेडी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुईं ऋतु जायसवाल को लेकर भी आनंद मोहन ने खुलकर बात की. आनंद मोहन से जब पूछा गया कि क्या बीजेपी वहां से कोई नया चेहरा लाकर उन्हें चुनौती दे रही है, तो उन्होंने कहा कि बीजेपी के शीर्ष लोग अंधे नहीं हैं. बीजेपी में बैठे लोग किसी एक व्यक्ति को नहीं बल्कि उस चेहरे को देखेंगे जिसकी स्वीकार्यता सिर्फ बिहार में ही नहीं, बल्कि पूरे देश भर में है.
आनंद मोहन ने दावा किया कि वे देश के किसी भी कोने में, चाहे उज्जैन हो, लुधियाना हो, अलीगढ़ हो, सतना, रीवा या इंदौर, जहां भी खड़े हो जाएंगे, वहां 5000 लोग तुरंत इकट्ठा हो जाएंगे. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी उन्हें हल्के में लेने की भूल करेगा, वह खुद राजनीति में हल्के में निपट जाएगा.
जेडीयू के अस्तित्व और टिकट कटने की आशंका पर बड़ा बयान
इंटरव्यू के दौरान जब आनंद मोहन से सवाल किया गया कि क्या लवली आनंद जेडीयू के टिकट पर ही चुनाव लड़ेंगी, तो उन्होंने बेहद चौंकाने वाला बयान दिया. उन्होंने कहा कि 'यह बेईमान लोग जेडीयू को रहने देंगे तब तो.' आनंद मोहन ने शंका जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस बात का संशय है कि साल 2029 तक जेडीयू का वजूद रहेगा भी या नहीं, या फिर इस पार्टी को कहीं और शिफ्ट या समाप्त कर दिया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश तो नीतीश कुमार और जेडीयू को पूरी तरह से निपटाने की ही थी, लेकिन उनके जैसे नेताओं के अलर्ट रहने की वजह से ऐसा नहीं हो पाया.
निर्दलीय चुनाव लड़ने के भी दिए संकेत
पार्टी के भीतर कथित आलाकमान (ललन सिंह या संजय झा) के फैसलों को लेकर आनंद मोहन ने साफ किया कि उनके लिए नीतीश कुमार के अलावा कोई दूसरा आलाकमान नहीं है. जब उनसे पूछा गया कि अगर नीतीश कुमार की अस्वस्थता के चलते कथित आलाकमान ने कोई दूसरा फैसला ले लिया या टिकट काट दिया तो वे क्या करेंगे? इस पर आनंद मोहन ने निर्दलीय (इंडिपेंडेंट) मैदान में उतरने के भी साफ संकेत दे दिए.
उन्होंने याद दिलाया कि वे पहले भी वैशाली और महसी जैसी सीटों पर अपने दम पर चुनाव जीत चुके हैं. उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा मुश्किल परिस्थितियों में भी पार्टी को जीत का तोहफा दिया है, इसलिए जनता सीधे उनके साथ जुड़ी हुई है और वे किसी भी फैसले के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
यहां देखें वीडियो
नीतीश कुमार के सपोर्ट में आए पप्पू यादव, आनंद मोहन के इन दावों को सिरे से कर दिया खारिज!
ADVERTISEMENT


