नालंदा में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है. जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के एमएलसी उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में आशीर्वाद यात्रा निकाली. इस दौरान अनंत सिंह ने खुलकर अनुज सिंह के पक्ष में समर्थन का ऐलान किया और लोगों से उन्हें ज्यादा से ज्यादा वोट देने की अपील की.
ADVERTISEMENT
इतना वोट मिले कि पेटी भर जाए- अनंत सिंह
अनंत सिंह ने कहा कि डॉ. अनुज सिंह को इतना वोट मिलना चाहिए कि उनकी वोट की पेटी भर जाए. उनके इस बयान को पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में अनुज सिंह के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है. दरअसल, पटना स्नातक सीट पर मुकाबला इस बार खास चर्चा में है. जन सुराज ने इस सीट से डॉ. अनुज सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जेडीयू की ओर से मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार मैदान में हैं. ऐसे में जेडीयू विधायक अनंत सिंह का जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में खुलकर सामने आना चुनावी समीकरण को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है.
अनुज सिंह के समर्थन में मतदान करने की अपील की
आशीर्वाद यात्रा के दौरान अनंत सिंह ने स्थानीय लोगों से अनुज सिंह के समर्थन में मतदान करने की अपील की. उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि अनुज सिंह को इतना वोट मिले कि उनकी पेटी भर जाए और उनकी जीत सुनिश्चित हो. अनंत सिंह के इस रुख के बाद सवाल यह भी उठ रहा है कि एक ही गठबंधन से जुड़े नेता का जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन में खुलकर उतरना पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में क्या संदेश देता है. फिलहाल चुनावी मैदान में अलग-अलग दलों और उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ गई है और नेताओं के बयानों से मुकाबला लगातार चर्चा में बना हुआ है.
पटना स्नातक एमएलसी सीट पर ये उम्मीदवार
पटना स्नातक एमएलसी सीट पर जन सुराज के अनुज सिंह, जेडीयू के नीरज कुमार और आरजेडी के दिलीप कुमार समेत अन्य उम्मीदवार मैदान में हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में नेताओं के समर्थन और चुनावी अभियान पर सबकी नजर रहेगी.
ADVERTISEMENT


