4 लाख लोग, गिफ्ट में 3 करोड़ की डिफेंडर और इनाम में थार... ये सब चर्चाएं एक शादी को लेकर हो रही हैं. बिहार में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की होने वाली शादी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है. एक ऐसी शादी जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि देशभर से आने वाले करीब 4 लाख लोगों के लिए खाना बनाने की तैयारी हो रही है. बड़े-बड़े उद्योगपति घरानों और सेलिब्रिटी की शादी को टक्कर देने वाली इस शादी की चर्चा हर तरफ है.
ADVERTISEMENT
बिहार के बाहुबली नेताओं में गिने जाने वाले विधायक अनंत सिंह ने इस भव्य शादी के लिए देशभर के लोगों को खुला निमंत्रण दिया है. अब लोग ये जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर जिसके लिए अनंत सिंह इतनी बड़ी शादी का आयोजन करने जा रहे हैं वो शिवांगी क्या करती हैं और कौन हैं उनके होने वाले पति? लोग ये भी जानना चाहते हैं कि क्या ये लव मैरिज है या फिर अरेंज? इसीलिए शिवांगी और उनके होने वाले पति ऋषिकेश बने हैं हमारे शो का चर्चित चेहरा.
आने वाले 25 नवंबर को शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होने जा रही है. सबसे पहले हम आपको शिवांगी सिंह के बारे में बताएंगे.
शिवांगी सिंह अनंत सिंह की छोटी बेटी हैं. बड़ी बेटी राजनंदिनी की पहले ही शादी हो चुकी है. इसके अलावा उनके 3 बेटे हैं. भाई-बहनों में शिवांगी दूसरे नंबर पर आती हैं. शिवांगी सिंह राजनीति और सार्वजनिक जीवन से दूर रहते हुए अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर चुकी हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक शिवांगी ने खुद बताया कि वो अपनी मास्टर्स यानी MBA की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं और आर्थिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं. हालांकि, उन्होंने अपनी जॉब प्रोफाइल या कंपनी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है.
शिवांगी की शुरुआती स्कूली पढ़ाई रांची के सेंट बिशप स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने राजस्थान के पिलानी स्थित बिड़ला कॉलेज से इंटरमीडिएट किया और हायर एजुकेशन के लिए दिल्ली-NCR आ गईं. इसके बाद शिवांगी ने एमिटी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और MBA की पढ़ाई पूरी की. शिवांगी पढ़ाई और काम के सिलसिले में वे मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में रही हैं, जबकि उनका पारिवारिक घर बिहार में है. फिलहाल अपनी शादी की रस्मों के लिए वो बिहार के बाढ़ स्थित अपने पैतृक गांव नदवां और पटना में अपने परिवार के साथ मौजूद हैं.
शिवांगी सिंह के होने वाले पति
अगर बात करें अनंत सिंह के होने वाले दामाद यानी शिवांगी सिंह के होने वाले पति के बारे में तो ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित मूल रूप से बिहार के बिहटा के रहने वाले हैं. बिहटा पटना जिले में ही आता है. जिस मोकामा से अनंत सिंह विधायक हैं वो भी पटना जिले में ही है. साथ ही शिवांगी का पैतृक गांव भी इसी जिले में है. ऋषिकेश कुमार की पढ़ाई-लिखाई अहमदाबाद से शुरू हुई थी. उन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई वहीं से पूरी की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए, जहां से ग्रेजुएशन और एमबीए की डिग्री हासिल की.
एक तरफ जहां शिवांगी ने एमबीए किया है तो वहीं ऋषिकेश कुमार भी एमबीए किए हुए हैं. फिलहाल ऋषिकेश अमेरिका में नौकरी कर रहे हैं. उनकी छोटी बहन कोमल कुमारी भी अमेरिका में रहती हैं और पेशे से डॉक्टर हैं. ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं. परिवार में इकलौते बेटे की शादी को लेकर उत्साह है. रणविजय सिंह ने बताया कि शादी के बाद शिवांगी कुछ समय परिवार के साथ रहेंगी. इसके बाद वह अपने पति के साथ अमेरिका जा सकती हैं.
शादी की तैयारियों के बीच लोग यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर शिवांगी और ऋषिकेश की शादी लव मैरिज है या अरेंज मैरिज ? क्या दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे या परिवारों ने मिलकर यह रिश्ता तय किया? अब इस सवाल का जवाब होने वाले दूल्हे के पिता रणविजय कुमार सिंह ने खुद दिया है. खास बात ये है कि इस रिश्ते को आगे बढ़ाने में खुद अनंत सिंह की पहल बताई जा रही है.
अनंत सिंह खुद अपनी बेटी के लिए रिश्ता लेकर ऋषिकेश परिवार तक पहुंचे
शिवांगी की शादी को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह खुद अपनी बेटी के लिए रिश्ता लेकर ऋषिकेश के परिवार तक पहुंचे थे. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति से शादी तय हुई. इस तरह ये रिश्ता परिवारों की पहल और पसंद से तय हुआ बताया जा रहा है. ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह, जो सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं, ने भी इस रिश्ते को लेकर अपनी बात रखी है. उन्होंने बताया कि बेटे के लिए रिश्ता लड़की पक्ष की ओर से आया था. दोनों परिवारों की बातचीत और सहमति के बाद विवाह का फैसला लिया गया. रणविजय सिंह ने अनंत सिंह के परिवार से रिश्ता जुड़ने पर खुशी जताई है. उनके मुताबिक, उनके परिवार के लिए ये गर्व की बात है कि शिवांगी उनकी बहू बनकर घर आएंगी.
शिवांगी की शादी सिर्फ परिवारों के बीच होने वाला आयोजन नहीं है. अनंत सिंह ने समारोह को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की है. उन्होंने बताया है कि शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है. राजनीति के कई बड़े चेहरों को निमंत्रण भेजा जा रहा है. इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नाम शामिल हैं. अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निमंत्रण देने की बात कही है. फिल्म और मनोरंजन जगत से अभिनेता सोनू सूद, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, सांसद और गायक मनोज तिवारी, भोजपुरी स्टार पवन सिंह और अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत कई हस्तियों को आमंत्रित करने की जानकारी दी गई है. हालांकि देखना होगा कि कौन-कौन इस शादी में शामिल हो पाता है.
शादी समारोह में घुड़दौड़
इस महाशादी को लेकर और भी बहुत सारी चर्चाएं हो रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी समारोह में घुड़दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा. अनंत सिंह के मुताबिक, प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाले को थार गाड़ी और दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक इनाम में दी जाएगी. वहीं, शादी में होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट देंगे. अनंत सिंह ने ये भी कहा है कि समारोह में पटाखे नहीं फोड़े जाएंगे और पर्यावरण का ध्यान रखा जाएगा. फिलहाल शादी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. अब सबकी नजरें 25 नवंबर पर हैं. उससे पहले तिलक आदि की रस्में शुरू हो चुकी हैं. इस भव्य शादी को लेकर हर आम-ओ-खास लोगों में उत्सुकता देखने को मिल रही है.
इस शादी को लेकर आपका क्या कहना है हमें कमेंट करके जरूर बताएं. साथ ही आपको हमारे शो चर्चित चेहरा की ये रिपोर्ट कैसी लगी, ये भी बताएं. वीडियो को लाइक और शेयर करना ना भूलें.
ये भी पढ़ें: सोनपुर मेले में सजेगी झूलों की रंगीन दुनिया, ब्रेक डांस से ड्रैगन ट्रेन तक होंगे आकर्षण
ADVERTISEMENT


