अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी पर नीरज कुमार ने दिया आशीर्वाद, कहा- 'बेटी तो लक्ष्मी होती है'

• 03:56 PM • 18 Nov 2026

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के बीच जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार का बयान चर्चा में है. अनंत सिंह के साथ सियासी अदावत के बावजूद नीरज कुमार ने शिवांगी को आशीर्वाद देने की बात कही है. उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.

neeraj kumar news
neeraj kumar news
Google CTA

बिहार की राजनीति में अनंत सिंह और जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार की अदावत किसी से छिपी नहीं है. दोनों के बीच सियासी तल्खी के कई मौके सामने आ चुके हैं, लेकिन अब अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर नीरज कुमार का एक बयान चर्चा में है. अनंत सिंह के साथ राजनीतिक विरोध के बावजूद नीरज कुमार ने उनकी बेटी को आशीर्वाद देने की बात कही है. उन्होंने बेहद सहज अंदाज में कहा कि बेटी सबकी होती है और हर बेटी को आशीर्वाद मिलना चाहिए. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

शाही शादी की तैयारियों में जुटे अनंत सिंह

मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर इन दिनों बिहार में खूब चर्चा है. शादी को यादगार बनाने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं. समारोह में घुड़दौड़ का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें विजेताओं के लिए थार समेत कई इनाम रखे जाने की बात सामने आई है. अनंत सिंह खुद लोगों को शादी का निमंत्रण दे रहे हैं. वह वीडियो कॉल के जरिए भी लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं, वहीं उनके बेटे भी अलग-अलग जगहों पर जाकर मेहमानों को न्योता दे रहे हैं.

अनंत सिंह ने नीरज कुमार को न्योता देने पर क्या कहा था?

शादी की तैयारियों के बीच एक सवाल लगातार चर्चा में है कि क्या अनंत सिंह नीरज कुमार को भी निमंत्रण देंगे? इसकी वजह दोनों नेताओं के बीच पुरानी राजनीतिक अदावत है. पहले अनंत सिंह की ओर से नीरज कुमार को शादी का निमंत्रण नहीं देने की बात कही गई थी. ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि क्या दोनों नेताओं के बीच रिश्तों की तल्खी शादी के मौके पर भी कायम रहेगी या कोई नया सियासी संदेश देखने को मिलेगा.

नीरज कुमार ने शिवांगी को दिया आशीर्वाद

इस बीच नीरज कुमार से जब अनंत सिंह की बेटी शिवांगी को आशीर्वाद देने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि बेटी सबकी होती है और हर बेटी को आशीर्वाद दिया जाएगा. उन्होंने कहा, "बेटी को आशीर्वाद कौन नहीं देगा? हर बेटी को आशीर्वाद देगा. हमारी बेटी को जितना गाली दीजिए, लेकिन बेटी तो लक्ष्मी होती है."नीरज कुमार ने यह भी कहा कि अनंत सिंह उनके परिवार के बारे में चाहे जो कुछ भी कहें, लेकिन वह उनकी बेटी को आशीर्वाद जरूर देंगे. उनके इस जवाब को राजनीतिक विरोध से अलग एक शालीन प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है.

बाढ़-मोकामा पहुंचे नीरज कुमार का हुआ स्वागत

नीरज कुमार हाल ही में बाढ़ और मोकामा इलाके में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना की. स्थानीय लोगों ने चांदी का मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया. इस मौके पर 'बड़े सरकार जिंदाबाद' के नारे भी लगाए गए. नीरज कुमार के इस दौरे और स्वागत को भी अनंत सिंह के प्रभाव वाले इलाके में राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, शिवांगी की शादी पर उनका बयान इस पूरे घटनाक्रम से अलग चर्चा का विषय बन गया है.

MLC चुनाव के बाद और बढ़ी थी अनंत सिंह-नीरज कुमार की अदावत

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच टकराव की बड़ी वजह बिहार विधान परिषद का पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव रहा. इस चुनाव में अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया था और नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार किया था. इसके बावजूद नीरज कुमार चुनाव जीतने में सफल रहे. चुनाव के बाद जेडीयू ने अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था. इस घटनाक्रम के बाद दोनों नेताओं के बीच सियासी दूरी और बढ़ गई.

शादी के बाद अनंत सिंह को करना होगा सरेंडर

शिवांगी की शादी के बीच अनंत सिंह से जुड़ा एक और मामला चर्चा में है. दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें दोबारा सरेंडर करना होगा. शादी के समारोह के बाद इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया भी अहम होगी. ऐसे में अनंत सिंह के लिए बेटी की शादी के साथ-साथ यह कानूनी मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

सियासी अदावत के बीच नीरज के बयान की चर्चा

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक विरोध फिलहाल खत्म होता नहीं दिख रहा है. एमएलसी चुनाव के दौरान दोनों के बीच खुलकर टकराव सामने आया था. लेकिन शिवांगी की शादी को लेकर नीरज कुमार ने जिस तरह आशीर्वाद देने की बात कही, उसने इस सियासी विवाद के बीच एक अलग संदेश दिया है. सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनके बयान की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे उनकी दरियादिली बता रहे हैं. अब देखना होगा कि अनंत सिंह की ओर से नीरज कुमार को शादी का निमंत्रण दिया जाता है या नहीं.