बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का समारोह इन दिनों काफी चर्चा में है. शादी में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. घुड़दौड़ से लेकर रात के कार्यक्रमों तक लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली. इसी बीच शादी समारोह में घुड़दौड़ देखने पहुंचे एक बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना के बाद समारोह में जुटी भीड़ और वहां की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
घुड़दौड़ देखने पहुंचे बुजुर्ग की मौत
जानकारी के मुताबिक, बाढ़ अनुमंडल के नदवां गांव में अनंत सिंह की बेटी की शादी के दौरान घुड़दौड़ देखने पहुंचे अरविंद कुमार की तबीयत बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि भारी भीड़ के बीच वह बेहोश हो गए थे. इसके बाद पुलिस उन्हें आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल के रहने वाले थे अरविंद
मृतक अरविंद कुमार बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल क्षेत्र के रहने वाले थे. परिजनों के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने और घुड़दौड़ देखने आए थे. वह घर से खुशी-खुशी निकले थे और परिवार को बताया था कि विधायक की बेटी की शादी में जा रहे हैं. लेकिन इस समारोह से उनकी वापसी नहीं हो सकी.
परिजनों ने भीड़ के बीच घटना होने की बात कही
अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि अरविंद कुमार घुड़दौड़ देखने के लिए समारोह में पहुंचे थे. वहां भारी भीड़ के बीच कुछ अव्यवस्था हुई और इसी दौरान उनकी मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि उन्हें पहले से किसी बीमारी या तबीयत खराब होने की जानकारी नहीं थी. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण नहीं हो सकी.
परिजनों की सहमति से नहीं हुआ पोस्टमार्टम
घटना के बाद मृतक के परिजन बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. उन्होंने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई. इसके बाद पुलिस ने परिजनों से लिखित प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर परिजनों की ओर से भारी भीड़ के बीच घटना होने की बात कही गई है.
भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अनंत सिंह की बेटी की शादी में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण आयोजन स्थल पर भीड़ नियंत्रण चुनौती बन गया. घुड़दौड़ के दौरान लोगों का हाईटेंशन टावर पर चढ़ना और एक बुजुर्ग की मौत की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं. अरविंद कुमार घुड़दौड़ देखने आए थे, लेकिन इस समारोह से वापस घर नहीं लौट सके. उनके परिजनों के लिए शादी की खुशी एक दुखद घटना में बदल गई.
ADVERTISEMENT


