जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निकाले जाने के बाद मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह का पहला बयान सामने आया है. उन्होंने पार्टी से बाहर किए जाने पर किसी तरह का दुख नहीं जताया. साथ ही JDU के भविष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब पार्टी में कुछ नहीं बचा है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में वह अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं.
ADVERTISEMENT
अनंत सिंह ने JDU पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अब पहले जैसी नहीं रही. उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में इसकी स्थिति अपने आप सामने आ जाएगी. उनके मुताबिक, अब JDU के लिए 10 सीटें हासिल करना भी मुश्किल हो सकता है.
'नीतीश कुमार खत्म हो गए, पार्टी हैक हो गई'
JDU से निकाले जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस कार्रवाई से कोई परेशानी नहीं है. उन्होंने कहा , 'हमें कोई गम नहीं है. जनता मालिक है, जनता भगवान है. पार्टी नीतीश जी की थी. नीतीश जी अब खत्म हो गए, पार्टी खत्म हो गई. पार्टी हैक हो गई है.'
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए उन लोगों पर भी तंज कसा, जो पार्टी का मालिक बनने की कोशिश कर रहे हैं. अनंत सिंह ने कहा कि उन्हीं लोगों ने उनके खिलाफ कार्रवाई कराई होगी.
अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह ने किसी दूसरी पार्टी में शामिल होने की संभावना से इनकार किया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि भविष्य में वह अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं. उनका कहना है कि अब JDU का भविष्य खत्म हो गया है और पार्टी में पहले जैसी बात नहीं रही. उन्होंने यह भी कहा कि JDU अब 18 साल पहले जैसी पार्टी नहीं रह गई है. उनके बयान से साफ है कि वह पार्टी से निकाले जाने के बाद भी अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर विकल्प खुले रख रहे हैं.
नीतीश कुमार से दूरी नहीं, मुलाकात करेंगे
अनंत सिंह ने अपने बयान में नीतीश कुमार के प्रति अलग रुख दिखाया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी नीतीश कुमार से कोई दूरी नहीं है और वह उनसे मुलाकात करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, वह नीतीश कुमार के खिलाफ कभी कुछ नहीं बोलेंगे.
JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह के इस बयान ने पार्टी के भविष्य और उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चा शुरू कर दी है. अब देखना होगा कि वह आगे किस तरह की राजनीतिक भूमिका अपनाते हैं और क्या अपनी अलग पार्टी बनाने की दिशा में कदम उठाते हैं.
ADVERTISEMENT


