जनता दल (यूनाइटेड) में मोकामा विधायक अनंत सिंह और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सह विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार के बीच चल रहा विवाद अब पार्टी के अंदर तक पहुंच गया है. आगामी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव में उम्मीदवारी और समर्थन को लेकर दोनों नेताओं के बीच खींचतान सामने आई थी. विवाद तब और गहरा गया, जब अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के मौजूदा MLC नीरज कुमार के समर्थन से इनकार कर उनके विरोधी डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान कर दिया.
ADVERTISEMENT
नीरज कुमार के समर्थन से अनंत सिंह ने किया था इनकार
दरअसल, पटना स्नातक सीट के आगामी MLC चुनाव को लेकर अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर अपना रुख जाहिर किया था. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के मुकाबले डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने की घोषणा की. इसके बाद JDU के भीतर इसको लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई. अनंत सिंह की नाराजगी की एक वजह यह भी बताई जा रही है कि पार्टी में साथ होने के बावजूद नीरज कुमार ने उनके विधानसभा चुनाव में उनका साथ नहीं दिया. इसी को लेकर दोनों नेताओं के बीच मनमुटाव की बात सामने आई.
पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं को साथ बैठाया
विवाद को बढ़ता देख JDU के शीर्ष नेतृत्व ने मामले में हस्तक्षेप किया. दोनों नेताओं को प्रदेश कार्यालय बुलाया गया और आमने-सामने बैठाकर विवाद को खत्म करने की कोशिश की गई. बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व की ओर से दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया गया. हालांकि, बैठक के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई. अनंत सिंह और JDU प्रदेश अध्यक्ष मीडिया से बातचीत किए बिना ही वहां से निकल गए. खास बात यह रही कि जब मीडिया कर्मियों ने अनंत सिंह से विवाद और बैठक में हुई सुलह को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए.
सवालों से बचते नजर आए अनंत सिंह
बैठक के बाद अनंत सिंह से जब विवाद खत्म होने और नीरज कुमार के साथ सुलह को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मीडिया के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया. वह सीधे अपनी गाड़ी की ओर बढ़े और वहां से निकल गए. अब अनंत सिंह की इस खामोशी ने JDU के भीतर चल रहे विवाद को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या पार्टी नेतृत्व की बैठक के बाद दोनों नेताओं के बीच वास्तव में सुलह हो गई है? या फिर MLC चुनाव में समर्थन को लेकर दोनों के बीच मतभेद अभी भी बरकरार हैं, यह आने वाले दिनों में साफ होगा.
श्रवण कुमार ने भी दी प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद पर बिहार सरकार के मंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी. पार्टी नेतृत्व लगातार कोशिश कर रहा है कि चुनावी समर्थन को लेकर सामने आया यह विवाद संगठन के अंदर किसी बड़े मतभेद का रूप न ले. फिलहाल, बैठक के बाद दोनों नेताओं की ओर से कोई स्पष्ट सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में अनंत सिंह का मीडिया के सवालों पर चुप रहकर निकल जाना इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना रहा है.
ADVERTISEMENT


