अनंत सिंह का खुला ऐलान- नीरज कुमार को MLC चुनाव में नहीं देंगे समर्थन, अनुज सिंह के साथ

आशीष अभिनव

• 05:27 PM • 18 Sep 2026

अनंत सिंह ने MLC Election को लेकर खुला ऐलान किया है और JDU उम्मीदवार नीरज कुमार को समर्थन नहीं देने की बात कही है. मोकामा MLA अनंत सिंह ने कहा कि वह हर हाल में नीरज कुमार का विरोध करेंगे, जिससे JDU के अंदर सियासी हलचल तेज हो गई है.

Anant Singh
Anant Singh, MLA, JDU
Google CTA

पटना: बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट के चुनाव से पहले जेडीयू विधायक अनंत सिंह के बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि उनकी नाराजगी पार्टी से नहीं, बल्कि जेडीयू नेता नीरज कुमार से है. उन्होंने कहा कि वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे और उनके मुकाबले चुनाव मैदान में उतरे अनुज सिंह की मदद करेंगे.

Read more!

नाराजगी नीरज कुमार से है- अनंत सिंह

मीडिया से बातचीत में जब अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या उनकी नाराजगी जेडीयू से है, तो उन्होंने इसे खारिज करते हुए कहा कि उनकी नाराजगी नीरज कुमार से है. इसके बाद उनसे पूछा गया कि क्या वह नीरज कुमार के चुनाव में समर्थन करेंगे. इस पर अनंत सिंह ने स्पष्ट जवाब दिया- नहीं. अनंत सिंह ने आगे कहा कि वह अनुज सिंह का समर्थन करेंगे और उनकी मदद करेंगे. जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या वह नीरज कुमार का विरोध करेंगे, तो उन्होंने भी साफ तौर पर हामी भरी.

पार्टी से नाराजगी नहीं, नीरज कुमार से मतभेद

अनंत सिंह के बयान से यह साफ है कि उन्होंने अपने विरोध को फिलहाल जेडीयू से अलग रखते हुए नीरज कुमार तक सीमित बताया है. इससे पहले दोनों नेताओं के बीच मतभेद दूर करने की कोशिश भी हुई थी. जेडीयू कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच बैठक के जरिए सुलह की कोशिश की खबरें सामने आई थीं. हालांकि, ताजा बयान में अनंत सिंह ने अपना रुख बदलने के संकेत नहीं दिए हैं. उन्होंने एक बार फिर अनुज सिंह के समर्थन और नीरज कुमार के विरोध की बात कही है.

पटना स्नातक सीट पर मुकाबला दिलचस्प

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार वर्तमान में विधान परिषद सदस्य हैं और उनका कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होना है. नवंबर में बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव होना है. ऐसे में पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह का यह रुख चुनावी समीकरणों में चर्चा का विषय बन गया है. खास तौर पर इसलिए क्योंकि अनंत सिंह ने खुद सार्वजनिक तौर पर अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया है. अब सवाल यह है कि जेडीयू नेतृत्व इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाता है और क्या पार्टी के स्तर पर एक बार फिर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह की कोशिश होगी.