बिहार की सियासत में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थकों के लिए आज का दिन किसी उत्सव से कम नहीं है. करीब 4 महीने सलाखों के पीछे गुजारने के बाद जेडीयू विधायक अनंत सिंह आज यानी सोमवार दोपहर 2 बजे पटना की बेऊर जेल से बाहर आ रहे हैं. दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है.
ADVERTISEMENT
पटना आवास पर 'शाही' दावत की तैयारी
अनंत सिंह जेल से सीधे पटना के माल रोड स्थित अपने सरकारी आवास पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत के लिए पलक-पावड़े बिछा दिए गए हैं. आवास को दुल्हन की तरह सजाया गया है और समर्थकों के लिए एक विशाल पंडाल खड़ा किया गया है. भीषण गर्मी को देखते हुए हज़ारों कुर्सियों के साथ-साथ बड़े-बड़े कूलरों और पंखों का विशेष इंतजाम किया गया है.
लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस 'महाभोज' की है, जो रिहाई की खुशी में दिया जा रहा है:
- 3 लाख रसगुल्ले: समर्थकों का मुंह मीठा कराने के लिए बाढ़ (Patna) से विशेष रूप से 3 लाख रसगुल्ले मंगाए गए हैं.
- लजीज व्यंजन: भोजन में समोसा, पुलाव, पूरी और पनीर की सब्जी समेत कई तरह के पकवानों की खुशबू अभी से महकने लगी है. उम्मीद जताई जा रही है कि यहाँ 10 से 15 हजार समर्थक जुटेंगे.
मंगलवार को मोकामा में 50KM लंबा रोड-शो
जेल से बाहर आने के अगले दिन यानी मंगलवार (24 मार्च) को अनंत सिंह पटना से अपने विधानसभा क्षेत्र मोकामा के लिए कूच करेंगे. समर्थकों का दावा है कि यह सफर किसी शक्ति प्रदर्शन से कम नहीं होगा. करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड-शो निकाला जाएगा, जिसमें गाड़ियों की तादाद इतनी होगी कि गिनना मुश्किल हो जाए. अनंत सिंह मोकामा के रास्ते बड़हिया स्थित प्रसिद्ध 'महारानी स्थान' मंदिर पहुंचेंगे, जहाँ वे मत्था टेककर जीत और रिहाई का आशीर्वाद लेंगे.
क्या था पूरा मामला?
आपको बता दें कि 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी. इस मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए 1 नवंबर को अनंत सिंह को उनके मोकामा आवास से गिरफ्तार किया था. 2 नवंबर से वे बेऊर जेल में बंद थे. अब लगभग 140 दिनों के बाद उन्हें कानूनी राहत मिली है. फिलहाल, पटना से लेकर मोकामा तक समर्थकों का उत्साह चरम पर है. सड़कों पर छोटे सरकार के नारों के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दे रही है.
ये भी पढ़ें: BSEB 12th Result 2026: बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट फटाफट यहां देखें और डाउनलोड करें मार्कशीट
ADVERTISEMENT


