बिहार की राजनीति में जिस नाम से बड़े-बड़ों के पसीने छूट जाते हैं, उस 'छोटे सरकार' यानी अनंत सिंह के घर इस वक्त जश्न का माहौल है, लेकिन इस बार सुर्खियों में खुद अनंत सिंह नहीं, बल्कि उनके नए दामाद ऋषिकेश कुमार छाए हुए हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे ऋषिकेश अचानक भावुक होकर फूट-फूट कर रोने लगते हैं.
ADVERTISEMENT
जिस बाहुबली की ठसक और तेवर की चर्चा पूरे देश में होती है, उन्होंने अपनी दोनों बेटियों के लिए आखिर कैसे दामाद ढूंढे? अपने पांचों बच्चों को राजनीति से दूर रखकर अनंत सिंह ने उन्हें क्या बनाया? और क्यों इंटरनेट पर छाई हुई हैं अनंत सिंह की समधन आशा देवी? आज 'चर्चित चेहरा' में पूरी कहानी अनंत सिंह के दामाद ऋषिकेश कुमार और उनके परिवार की.
कौन हैं ऋषिकेश उर्फ अंकित
अनंत सिंह के छोटे दामाद बनने जा रहे हैं ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित. पटना जिले के बिहटा के घोड़ाटाप गांव के रहने वाले ऋषिकेश का राजनीति और बाहुबल की दुनिया से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है. वो तो एक मिडिल क्लास, सर्विस क्लास और देश की ड्यूटी करने वाले परिवार के बेटे हैं. पिता रणविजय कुमार सीआरपीएफ (CRPF) में कमांडेंट रह चुके हैं. चूंकि रणविजय कुमार ट्रांसफर वाली नौकरी में रहे, इसलिए ऋषिकेश का जन्म दिल्ली में हुआ और पिता की पोस्टिंग के चलते बचपन और परवरिश लंबे समय तक अहमदाबाद में हुई.
अटलांटा की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से पढ़ें हैं अंकित
ऋषिकेश ने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई भारत में की और फिर हायर एजुकेशन के लिए अमेरिका चले गए. उन्होंने अटलांटा की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए (MBA) किया. जिसका जिक्र अनंत सिंह ने बेटी की शादी के कार्ड में भी प्रमुखता से करवाया है. एमबीए करने के बाद ऋषिकेश भारत लौटने के बजाय अमेरिका में ही बस गए और पिछले करीब 10 से 11 सालों से अमेरिका के कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी कर रहे हैं.
हल्दी की रस्म में शादी से पहले रोकर ऋषिकेश ने बता दिया कि यह शादी उनके लिए कितना इमोशनल मोमेंट है और अमेरिका में इतने साल बिताने के बाद भी वो अपनी मिट्टी व पारिवारिक संस्कारों से कितने गहरे जुड़े हुए हैं.
कौन हैं अनंत सिंह की समधन आशा देवी
अनंत सिंह की समधन शिवांगी सिंह की सास और ऋषिकेश की मां आशा देवी गृहिणी हैं. परिवार में ऋषिकेश की बहन कोमल कुमारी भी हैं जो एमबीबीएस डॉक्टर हैं और अमेरिका में ही रहती हैं. एक तरफ फौजी पिता का अनुशासन, दूसरी तरफ डॉक्टर बहन और खुद अमेरिका में कॉर्पोरेट करियर- यही वह साफ-सुथरी और शिक्षित पारिवारिक पृष्ठभूमि है, जिसने बाहुबली नेता अनंत सिंह का दिल जीत लिया.
आशा देवी ने कौन सा गाना गाया जो हो गया वायरल
शादी में सबसे ज्यादा रंग जमाया है अनंत सिंह की समधन और दूल्हे ऋषिकेश की मां आशा देवी ने, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं. अनंत सिंह का नाम सुनते ही लोग संभलकर बात करते हैं, लेकिन समधन आशा देवी ने बिना किसी झिझक के बेहद मजेदार और बेबाक अंदाज में समधी अनंत सिंह के लिए गाना गुनगुनाया. कैमरे के सामने उन्होंने मुस्कुराते हुए बॉलीवुड का मशहूर गाना 'गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा' गाकर महफिल लूट ली, जो अनंत सिंह के चश्मे वाले सिग्नेचर लुक पर एक प्यारा और चुटकीला इशारा था. शादियों की सबसे खास परंपरा यानी 'गाली' शादी के मौके पर महिलाओं द्वारा गाए जाने वाले हंसी-ठिठोली भरे पारंपरिक लोकगीत की रस्म में भी आशा देवी ने अनंत सिंह पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
शादी को लेकर परिवार इतने जोश में है कि बिहटा के कृष्णा नगर में नई बहू शिवांगी के स्वागत के लिए नया और आलीशान मकान बनवाया गया है, जिसका हाल ही में गृह प्रवेश हुआ. बेटे का रिश्ता जुड़ते ही आशा देवी ने साफ कह दिया कि उनकी नजर में अनंत सिंह कोई बाहुबली नहीं हैं और वो शिवांगी को अपने घर बहू बनाकर नहीं, बल्कि अपनी बेटी बनाकर ला रही हैं.
ये शादी लव है या अरेंज ?
सोशल मीडिया पर शादी को लेकर चर्चा रही कि अमेरिका में रहने वाले ऋषिकेश और अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की यह शादी लव मैरिज है या अरेंज? दूल्हे के पिता रणविजय कुमार सिंह ने इस राज से पर्दा उठा दिया है. उन्होंने साफ किया कि शिवांगी और ऋषिकेश पहले से एक-दूसरे को नहीं जानते थे, बल्कि यह पूरी तरह से समाज की परंपरा के मुताबिक हुई एक अरेंज मैरिज है.
शादी की पहल किसने की ?
खास बात यह रही कि रिश्ते की पहली पहल खुद वधू पक्ष यानी अनंत सिंह के परिवार की तरफ से की गई थी. अनंत सिंह खुद अपनी बेटी शिवांगी का रिश्ता लेकर बिहटा में रणविजय कुमार के परिवार तक पहुंचे थे. जब अनंत सिंह के परिवार का यह प्रस्ताव सामने आया, तो ऋषिकेश के माता-पिता ने बिना किसी हिचक के तुरंत इस रिश्ते के लिए हामी भर दी.
इस शादी में बार-बार ये कहा गया कि दहेज का लेन-देन नहीं हुआ है. हो सकता है ये बात पूरी तरह सही भी हो, लेकिन अनंत सिंह ने दामाद पर इतना प्यार लुटा दिया कि कौन कहेगा कि दामाद को दहेज मांगने की जरूरत भी पड़ी होगी. 20 नवंबर को दानापुर में हुए तिलक समारोह में अनंत सिंह ने दामाद ऋषिकेश को करीब 3 करोड़ रुपये की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर कार, 100 ग्राम की सोने की चेन, 80 ग्राम का ब्रेसलेट और सोने-चांदी के बर्तन भेंट किए. शादी के साथ ही हो रहे छोटे बेटे अभिनव के जनेऊ संस्कार के लिए भी 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की बीएमडब्ल्यू (BMW) कार मंगवाई गई है.
भूमिहार समाज में लड़की के पिता तिलक में क्यों नहीं होते ?
अनंत सिंह और उनके होने वाले समधी सीआरपीएफ कमांडेंट रणविजय कुमार सिंह- दोनों ही परिवार भूमिहार समाज से ताल्लुक रखते हैं. दोनों परिवारों के बीच यह रिश्ता पूरी तरह से भूमिहार समाज की पारंपरिक रीति-रिवाजों और मर्यादाओं के तहत तय हुआ है. इसकी झलक 20 नवंबर को दानापुर में हुए तिलक समारोह में भी साफ देखने को मिली. दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, भूमिहार समाज में लड़की के पिता तिलक चढ़ाने के मुख्य अनुष्ठान के समय मौजूद नहीं रहते और उसी परंपरा का पालन अनंत सिंह ने किया.
मंच पर पहुंचते ही अनंत सिंह ने दामाद ऋषिकेश को गले लगाया, आशीर्वाद दिया और फिर महंगी डिफेंडर गाड़ी की चाबी उनके हाथों में थमा दी. इसके बाद मुख्य तिलक चढ़ने से पहले ही वे फौरन वेन्यू से निकल गए और परिवार के बाकी सदस्यों ने आगे की रस्में निभाईं. यानी बेटी के ससुराल का पानी तक नहीं पिया अनंत सिंह ने. पटना के मोकामा और बिहटा- दोनों ही इलाकों में भूमिहार समाज की मजबूत सामाजिक-राजनीतिक पकड़ मानी जाती है और यही वजह है कि एक ही जिले पटना के दो भूमिहार परिवारों के इस मिलन की नेशनल लेवल पर चर्चा हो रही है.
कौन हैं शिवांगी सिंह ?
ऋषिकेश की जीवनसंगिनी बनने जा रही शिवांगी सिंह, अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी की सबसे छोटी बेटी हैं. बिहार के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार में जन्म लेने के बावजूद, शिवांगी हमेशा राजनीति की चकाचौंध, मीडिया के कैमरों और सोशल मीडिया की लाइमलाइट से कोसों दूर रही हैं. शिवांगी सिंह ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया और मुंबई से पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. हैरानी की बात यह है कि खुद बाहुबली की छवि रखने वाले अनंत सिंह ने अपनी किसी भी बेटी की शादी किसी राजनीतिक घराने या दबंग परिवार में नहीं की, बल्कि दोनों दामाद बेहद पढ़े-लिखे और प्रोफेशनल सर्विस क्लास से चुने.
अनंत सिंह की सबसे बड़ी बेटी राजनंदिनी सिंह की शादी पहले ही लखीसराय के प्रतापपुर गांव के कुमार पुनीत से हो चुकी है, जो Provident Fund Services) में डिप्टी कमिश्नर हैं. ठीक इसी तरह छोटी बेटी शिवांगी के लिए भी उन्होंने अमेरिका में सैटल एमबीए प्रोफेशनल ऋषिकेश कुमार को चुना.
अनंत सिंह ने 3 बेटों और 2 बेटियों को सियासत से रखा दूर
अक्सर नेताओं के बच्चे राजनीति में ही करियर बनाते हैं, लेकिन अनंत सिंह ने अपने सभी पांच बच्चों तीन बेटे और दो बेटियां को राजनीति से दूर रखकर खूब पढ़ाया-लिखाया और अपने पैरों पर खड़ा किया. अनंत सिंह के दो जुड़वा बेटे अभिषेक और अंकित सिंह जिनका जन्म 13 मार्च 2003 को हुआ था) ने पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई के बाद लंदन से हायर एजुकेशन की डिग्रियां लीं, जबकि सबसे छोटे बेटे अभिनव सिंह अभी पढ़ाई कर रहे हैं.
एक बेटे ने रखा राजनीति में कदम
हालांकि, ऐसा भी नहीं है कि अनंत सिंह या पत्नी नीलम देवी के साथ परिवार की राजनीति खत्म हो जाएगी. मोकामा की राजनीतिक विरासत अगली पीढ़ी को सौंपने की तैयारी पूरी हो चुकी है- जुड़वा बेटों में से अभिषेक सिंह ने सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया है. अनंत सिंह खुद कह चुके हैं कि वो आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे और लंदन से पढ़कर लौटे अभिषेक ही मोकामा के नए 'छोटे सरकार' के तौर पर उनकी विरासत संभालेंगे. अरसे से अभिषेक मोकामा के इलाकों में जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं, जबकि बाकी दोनों बेटे अंकित व अभिनव और दोनों बेटियां राजनंदिनी व शिवांगी राजनीति से दूर अपनी निजी जिंदगी पर फोकस कर रहे हैं.
बेटी शिवांगी की शादी के लिए शाही दरबार जैसा इंतजाम
नदवां में अनंत सिंह ने बेटी शिवांगी की शादी के लिए किसी शाही दरबार जैसा इंतजाम किया है, जहां करीब 10 बीघा जमीन पर विशाल वाटरप्रूफ और एयर-कंडीशन्ड पंडाल बना है. जयमाला के लिए 100 फीट लंबा और 35 फीट ऊंचा भव्य मंच तैयार है, जिसे बेंगलुरु और चीन से मंगाए गए फूलों से सजाया जा रहा है, जबकि वीआईपी मेहमानों के लिए 5 से 6 हेलीपैड भी बनाए गए हैं. इस शादी में करीब 4 लाख मेहमानों के पहुंचने का अनुमान है, जिनके स्वागत के लिए लिट्टी-चोखा, सिलाव का खाजा और मालपुआ समेत 150 से ज्यादा शुद्ध शाकाहारी व्यंजन तैयार हो रहे हैं.
घुड़दौड़ अट्रैक्शन में
जश्न का सबसे बड़ा आकर्षण पास ही 12 बीघा जमीन पर होने वाली पारंपरिक घुड़दौड़ प्रतियोगिता है- जिसमें बिहार, यूपी, राजस्थान और दिल्ली के करीब 100 नामी घोड़े हिस्सा ले रहे हैं और कल 25 नवंबर को होने वाली इस रेस के विजेता को इनाम में 'महिंद्रा थार' (Mahindra Thar), जबकि उपविजेताओं को बुलेट और स्कूटी दी जाएगी. हालांकि बारिश की वजह से ट्रैक की मिट्टी गीली हो गई थी, लेकिन मौसम खुलते ही बालू डलवाकर मैदान को पूरी तरह दुरुस्त करा लिया.
एक तरफ जहां बेटी की शाही शादी और छोटे बेटे के जनेऊ संस्कार का भव्य जश्न चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ इस पूरे आयोजन के पीछे एक बड़ा कानूनी पहलू भी जुड़ा हुआ है. दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जेल में बंद मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बेटी की शादी के लिए मानवीय आधार पर अंतरिम राहत मिली है. कोर्ट के निर्देशों के तहत अनंत सिंह को शादी की सभी रस्में और विदाई के ठीक बाद 1 दिसंबर तक हर हाल में कोर्ट के सामने सरेंडर करना होगा. बेटी की शादी में अनंत सिंह ऐसे डूबे हैं कि उन्हें देखकर लगता है नहीं कि उन्होंने इसका कोई लोड लिया हुआ है.
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की हल्दी रस्म का वीडियो वायरल, संगीत समारोह में गायक पर हुई नोटों की बारिश
ADVERTISEMENT


