पटना: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक और देसी अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर बाहुबली नेता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वे सिर्फ 5 सेकेंड के अंदर अपना संबोधन खत्म करते नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
लंबी-चौड़ी तकरीरों के दौर में अनंत सिंह के इस 'सुपर शॉर्ट' भाषण ने लोगों का दिल जीत लिया है.
प्रणाम किया और हो गया भाषण!'
पूरा मामला एक उद्घाटन कार्यक्रम का है. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद अनंत सिंह को जब मंच पर जनता और समर्थकों को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया गया, तो हर कोई बड़े भाषण की उम्मीद कर रहा था.
लेकिन जैसे ही अनंत सिंह आए, उन्होंने हाथ उठाकर बेहद ठेठ मगही अंदाज में कहा "सभी आदमी को प्रणाम करो हईयो".
बस! इतना कहते ही 'छोटे सरकार' के चेहरे पर एक मंद मुस्कान आई, और सीधे अपनी कुर्सी की तरफ बढ़ गए.
मंच पर छूटे ठहाके, सोशल मीडिया पर लगा कमेंट्स का तांता
अनंत सिंह का यह अप्रत्याशित और चुटीला अंदाज देखते ही मंच पर बैठे नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामने मौजूद समर्थक ठहाके मारकर हंस पड़े. मात्र 5 सेकेंड के इस भाषण का वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर आया, यूजर्स इसे धड़ाधड़ शेयर करने लगे.
सोशल मीडिया (X और फेसबुक) पर लोग उनके इस बेबाकपन की तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा... "राजनीति के इतिहास का सबसे सटीक और असरदार भाषण! जनता से जुड़ने के लिए बड़ी-बड़ी बातों की नहीं, बल्कि अपनेपन और सादगी की जरूरत होती है. अनंत सिंह का यही देसी अंदाज उन्हें दूसरों से अलग बनाता है."
मोकामा की राजनीति में 5 बार के 'किंगमेकर'
गौरतलब है कि अनंत सिंह का मोकामा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से दबदबा रहा है. पहली बार साल 2005 में विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह लगातार 5 बार इस सीट से अपनी जीत का परचम लहरा चुके हैं. भले ही वे कानूनी मामलों और जेल की वजह से चर्चा में रहे हों, लेकिन अपने क्षेत्र में उनका जलवा आज भी बरकरार है. फिलहाल, उनका यह 5 सेकेंड वाला 'मास्टरस्ट्रोक' भाषण बिहार की सियासी गलियों से लेकर सोशल मीडिया के हर फीड पर छाया हुआ है.
ADVERTISEMENT


