'घमंड हो गया था कि कलकत्ता जीत गए...', भाजपा पर ही बरसे मोकामा विधायक अनंत सिंह, वीडियो वायरल

न्यूज तक डेस्क

05 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 5 2026 2:46 PM)

Anant Singh Viral Video: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. जदयू विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह भाजपा पर घमंड का आरोप लगाते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि पार्टी को अपनी जीत का अहंकार हो गया था, जबकि देशभर में उसके हालात अच्छे नहीं हैं.

Anant Singh Viral Video
Anant Singh Viral Video
Google CTA

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के आए नतीजों के बाद बिहार की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार नीरज सिन्हा की करारी हार हुई है, जबकि प्रशांत किशोर ने 19,324 मतों से जीत दर्ज की है. इस हार के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपनी ही सहयोगी पार्टी बीजेपी के रवैये पर भड़क उठे हैं. अनंत सिंह का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बीजेपी के नेतृत्व और चुनावी रणनीति पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं.

Read more!

बीजेपी के घमंड और देश भर की स्थिति पर उठाए सवाल

अनंत सिंह ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व और पार्टी के काम करने के तरीके की सख्त आलोचना की है. उन्होंने कहा कि बीजेपी को इस बात का घमंड हो गया था कि वे कोलकाता, मुंबई और अन्य जगहों पर चुनाव जीत चुके हैं. लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आज देश भर में उनकी स्थिति खराब है और जनता के बीच गहरा गुस्सा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी और गठबंधन के मायने अलग होते हैं, लेकिन घमंड के कारण स्थिति बिगड़ी है.

नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाना पड़ा भारी

अनंत सिंह का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए की हार का सबसे बड़ा कारण बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पद से हटना है. उन्होंने कहा कि जनता ने नीतीश कुमार के चेहरे और उनके नाम पर एनडीए को अपना वोट दिया था. लेकिन चुनाव जीतने के बाद बीच में मुख्यमंत्री बदल देना या किसी और को बैठा देना जनता को बिल्कुल पसंद नहीं आया. जनता यह उम्मीद करती है कि जिसे उन्होंने चुना है, वही मुख्यमंत्री बने रहे. नीतीश कुमार का पद छोड़ना एनडीए के लिए एक बड़ा सेटबैक (झटका) साबित हुआ है.

बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर की बड़ी जीत

बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती थी और यहां से नितिन नवीन विधायक हुआ करते थे. हालांकि, इस उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा को हार का सामना करना पड़ा और प्रशांत किशोर ने 19 हजार 324 वोटों के बड़े अंतर से यह चुनाव जीत लिया. अनंत सिंह के इस तीखे बयान ने एनडीए के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और नीतीश कुमार के पद से हटने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं के बीच की नाराजगी को खुलकर सामने ला दिया है.

यहां देखें वायरल वीडियो