ये अनंत सिंह का अंदाज है! बेड पर लेटे-लेटे लगवाया तिलक, फिर काला चश्मा पहन दिए स्टाइलिश पोज

आशीष अभिनव

• 05:02 PM • 07 Oct 2026

बिहार के JDU विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो में वह बेड पर लेटे हुए तिलक लगवाते दिख रहे हैं. इसके बाद खड़े होकर माला और गमछा लिया और अपने खास अंदाज में काला चश्मा पहनकर पोज दिया.

Anant Singh
लेटे-लेटे टीका लगवा रहे अनंत सिंह
Google CTA

बिहार की सियासत में अपने अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले JDU विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनका एक वायरल वीडियो है. वीडियो में अनंत सिंह बेड पर लेटे-लेटे तिलक लगवाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में उनका बेफिक्र अंदाज साफ दिखाई देता है. अनंत सिंह पेट के बल बेड पर लेटे हैं और उनके सामने बैठे पंडित उनके माथे पर तिलक लगा रहे हैं. इसी दौरान कोई उनका वीडियो बना रहा है.

Read more!

कैमरा देखते ही बदला अंदाज

वीडियो में जैसे ही अनंत सिंह की नजर कैमरे पर पड़ती है, वह तुरंत उठकर खड़े हो जाते हैं. इसके बाद पंडित उन्हें फूलों की माला पहनाते हैं. कुछ सहयोगी भी वहां पहुंचते हैं. कोई गमछा लेकर आता है, तो एक सहयोगी अनंत सिंह का काला चश्मा लेकर आता दिखाई देता है. काला चश्मा हाथ में आते ही अनंत सिंह उसे पहनते हैं और फिर अपने खास अंदाज में कैमरे के सामने पोज देते हैं. वीडियो का यही हिस्सा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है.

बेड पर लेटे हुए लगवाया तिलक

वीडियो की शुरुआत में अनंत सिंह पेट के बल बेड पर लेटे हुए नजर आते हैं. उनके पैर ऊपर की तरफ हैं और पास में एक छोटी टेबल रखी है, जिस पर फूलों की माला समेत कुछ सामान दिखाई दे रहा है. बेड के पास सोफे पर पंडित बैठे हैं. अनंत सिंह वहीं से तिलक लगवाते हैं. इसके बाद जैसे ही तिलक लगाने की रस्म पूरी होती है, वह खड़े हो जाते हैं और अपने कपड़े ठीक करते हैं. इसके बाद सहयोगियों की मौजूदगी में माला, गमछा और काला चश्मा वाला पूरा अंदाज दिखाई देता है.

पटना स्नातक चुनाव के बीच अनंत सिंह चर्चा में

अनंत सिंह का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव भी बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है. इस चुनाव को लेकर अनंत सिंह की राजनीतिक सक्रियता पर भी नजर है. वह अपने क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से अपने अलग अंदाज और मजबूत पकड़ के लिए चर्चा में रहे हैं.खास बात यह है कि इस बार वह अपनी ही पार्टी JDU के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर भी मुखर नजर आ रहे हैं. ऐसे में पटना स्नातक चुनाव के बीच अनंत सिंह की भूमिका को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं. हालांकि वायरल वीडियो में कोई राजनीतिक बयान नहीं है, लेकिन चुनावी माहौल के बीच सामने आया यह वीडियो अनंत सिंह के अलग अंदाज की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है.

वायरल वीडियो पर लोगों की नजर

अनंत सिंह के समर्थक और सोशल मीडिया यूजर्स उनके इस अंदाज को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. किसी का ध्यान लेटे-लेटे तिलक लगवाने पर है, तो कोई काला चश्मा पहनकर दिए गए उनके पोज की चर्चा कर रहा है. सियासत में अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चित अनंत सिंह का यह वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल है और एक बार फिर उनके स्टाइल को लेकर चर्चा छेड़ रहा है.