अररिया के बथनाहा स्थित आईएचएचएस स्कूल ग्राउंड में जमीन के विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ. जमीन पर दावा करने वाले पक्ष और स्कूल छात्रावास में रहने वाले छात्रों के बीच विवाद बढ़ने के बाद मारपीट की स्थिति बन गई. इस दौरान लाठी-डंडे चलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कुछ छात्र और दूसरे पक्ष के लोग आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं. वीडियो में दोनों ओर से मारपीट होती दिखाई दे रही है. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से बथनाहा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
ADVERTISEMENT
स्कूल संचालिका ने दर्ज कराई प्राथमिकी
विद्यालय की संचालिका रोजी कुमारी की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में जमीन पर कथित तौर पर नाजायज कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया गया है. शिकायत में महिला और पुरुषों पर मारपीट करने तथा कई छात्रों के चोटिल होने की बात भी कही गई है. हालांकि वायरल वीडियो में जमीन पर दावा करने वाले पक्ष और छात्रों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
बच्चों के हाथों में डंडे देख उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है. लोगों का कहना है कि स्कूल और छात्रावास से जुड़े बच्चों का मुख्य ध्यान पढ़ाई पर होना चाहिए, लेकिन जमीन विवाद के दौरान छात्रों के हाथों में डंडे नजर आना चिंता का विषय है. कुछ स्थानीय लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि स्कूल या जमीन से जुड़े विवाद में बच्चों को किसी तरह के टकराव का हिस्सा बनाया जाना उचित है या नहीं.
गोपाल अग्रवाल ने आरोपों को बताया गलत
प्राथमिकी में शहर के व्यवसायी गोपाल अग्रवाल का नाम कथित भूमाफिया के तौर पर सामने आने के बाद विवाद का एक और पहलू सामने आया है. गोपाल अग्रवाल ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उनका कहना है कि विवादित जमीन से उनका कोई संबंध नहीं है और उन्होंने कभी उस जमीन पर कोई दावा नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद प्राथमिकी में उनका नाम शामिल किया गया, जिससे उनकी सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है. गोपाल अग्रवाल ने कहा कि वह इस मामले में अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर कानूनी तौर पर मानहानि का दावा करने पर विचार कर रहे हैं.
पुलिस कर रही है वीडियो की जांच
फारबिसगंज एसडीपीओ पंकज कुमार ने बताया कि बथनाहा थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी संख्या 154/26 दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. एसडीपीओ के मुताबिक जमीन विवाद के दौरान छात्रों और अन्य लोगों के बीच मारपीट की बात सामने आई है. वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस वीडियो के अलावा मामले से जुड़े दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले में जमीन के स्वामित्व से जुड़े दावों, मारपीट की वास्तविक परिस्थितियों और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
खगड़िया में सरकारी स्कूल की सीढ़ी भरभराकर गिरी, 9 साल की छात्रा की मौत, 3 बच्चे घायल
ADVERTISEMENT


