ट्रक का एक्सीडेंट हुआ, ड्राइवर भागा और पुलिस के पहुंचने से पहले लोगों की लॉटरी लग गई. मौके पर जो पहुंचा, खाली हाथ लौटने को तैयार नहीं था. किसी ने बोतलें समेटीं तो किसी ने पूरा कार्टून ही उठा लिया. आखिर ट्रक में ऐसा क्या था, जिसके लिए सड़क पर मच गई लूट की होड़?
ADVERTISEMENT
मिनी ट्रक में अंदर रखी थी शराब
अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग NH-327E पर एक मिनी ट्रक हादसे का शिकार हुआ. हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए. लेकिन कुछ ही देर में घटनास्थल पर ऐसा नजारा दिखा, मानो सड़क हादसा नहीं बल्कि अचानक 'मुफ्त की खरीदारी' का ऐलान हो गया हो. ट्रक में विदेशी शराब लदी थी. बस फिर क्या था, खबर गांव में पहुंचते ही लोग घटनास्थल की ओर निकल पड़े. जिसे जितना मौका मिला, उसने उतनी शराब उठाने की कोशिश की. कोई कार्टून लेकर चलता बना तो कोई बोतलें समेटने में जुट गया.
शराब उठाने की होड़ के अलग-अलग रंग
वायरल वीडियो में शराब उठाने की होड़ के अलग-अलग रंग दिखाई दे रहे हैं. एक शख्स दूसरे व्यक्ति का गमछा तक खींचता नजर आ रहा है. वजह भी दिलचस्प है. गमछे का इस्तेमाल शराब की बोतलों को बांधकर ले जाने के लिए किया जा रहा था. यानी मौके पर जो सामान हाथ लगा, वही 'शराब कैरी बैग' बन गया. किसी के हाथ में कार्टून था तो किसी ने गमछे को ही अपना इंतजाम बना लिया. वीडियो में एक महिलाएं ट्रक पर चढ़ने की कोशिश करती भी दिखाई देती हैं. वहीं एक महिला शराब की बोतलों को छिपाकर वहां से निकलती नजर आती है. क्या बच्चे क्या बूढ़े क्या जवान...हादसे की जगह पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक और बाइक सवार लोगों तक की भीड़ पहुंच गई. कोई खेत से आया तो कोई घर से. ट्रक में शराब होने की खबर जैसे-जैसे फैली, भीड़ भी बढ़ती गई. स्थानीय लोगों ने ट्रक से शराब के कार्टून निकालने शुरू कर दिए. कई लोग कार्टून उठाकर वहां से जाते दिखे. कुछ लोगों ने मोटरसाइकिल का भी सहारा लिया. पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक ट्रक में लदी शराब लोग लेकर जा चुके थे.
पुलिस बोली- शराब लूटने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां से हटाया और ट्रक में बची खुची शराब को अपने कब्जे में लिया. पुलिस के मुताबिक, मिनी ट्रक पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से शराब की खेप लेकर निकला था. ट्रक किशनगंज और अररिया होते हुए रानीगंज की तरफ जा रहा था और इसके बाद इसे सुपौल जाना था. सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह के मुताबिक, ट्रक के आगे सीमेंट की कुछ बोरियां रखी गई थीं और उनके पीछे शराब के कार्टून छिपाकर ले जाए जा रहे थे. गीतवास टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के बाद ड्राइवर और खलासी मौके से भाग निकले. इसके बाद ट्रक में छिपी शराब सामने आई और फिर शुरू हो गई उसे उठाने की होड़. घटना के कई वीडियो सामने आए हैं. पुलिस अब इन्हीं वीडियो के आधार पर शराब उठाकर ले जाने वालों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस ने कहा है कि शराब लूटने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही शराब तस्करी को लेकर भी मामला दर्ज किया जाएगा.
पुलिस ने ट्रक और बची हुई शराब को कब्जे में लिया
फिलहाल पुलिस ने ट्रक और बची हुई शराब को कब्जे में ले लिया है. लेकिन हादसे के बाद सामने आए वीडियो ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक देखकर लोग मदद के लिए पहुंचे थे या फिर ट्रक में लदी शराब देखकर? क्योंकि मौके के वीडियो में मदद का नजारा कम और 'जिसे जो मिला, वही लेकर निकल पड़ा' वाला सीन ज्यादा दिखाई दे रहा है.
ADVERTISEMENT


