बिहार के बगहा स्थित वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (VTR) के गोनौली वन क्षेत्र में मंगलवार की रात एक ऐसा खौफनाक नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. वन प्रक्षेत्र कार्यालय के ठीक सामने बने नितेश कुमार के घर के परिसर में एक साथ दो विशालकाय जीव— किंग कोबरा और अजगर निकल आए!
ADVERTISEMENT
दोनों जहरीले और खतरनाक सांप एक-दूसरे के बिल्कुल आमने-सामने आ डटे. कुछ ही देर में दोनों के बीच वर्चस्व की खूनी जंग जैसी स्थिति बन गई. यह रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य देखते ही घर के लोग चीखते-चिल्लाते बाहर भागे. खबर फैलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों का मजमा लग गया और हर कोई सांसें थामकर दोनों दानव रूपी सांपों को देखने लगा.
जांबाज मुरारी कुमार ने संभाली कमान, सुरक्षित किया रेस्क्यू
घर के परिसर में मजमा जमा देख तुरंत वन विभाग और स्नेक रेस्क्यू टीम को फोन घुमाया गया. सूचना मिलते ही प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर मुरारी कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
उन्होंने सबसे पहले बेकाबू भीड़ को पीछे धकेला और सुरक्षित दूरी बनाई. इसके बाद बेहद सूझबूझ और चालाकी से बिना नुकसान पहुंचाए किंग कोबरा और अजगर— दोनों को सुरक्षित पकड़कर बोरे में बंद किया. दोनों सांपों को उनके प्राकृतिक आवास यानी घने जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
उसी घर में 2 साल बाद फिर 'किंग कोबरा' का तांडव!
इस घटना से स्थानीय लोग इसलिए भी हैरान हैं क्योंकि यह कोई पहली बार नहीं हुआ है. करीब 2 साल पहले भी नितेश कुमार के इसी घर के कैंपस से एक विशालकाय किंग कोबरा का रेस्क्यू किया गया था. अब एक बार फिर उसी जगह पर किंग कोबरा के साथ अजगर का मिलना इलाके में चर्चा का गर्म विषय बना हुआ है. लोग इसे जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से जोड़कर देख रहे हैं.
अगर दोनों में होती जंग... तो कौन जीतता?
ह्यूमन-वाइल्डलाइफ कॉन्फ्लिक्ट एक्सपर्ट अभिषेक ने बताया कि किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा और बेहद विषैला सांप होता है, जिसकी लंबाई 16 से 18 फीट तक हो सकती है. अगर कोबरा आकार में बड़ा हो, तो वह अजगर को मारकर खा भी सकता है.
इस मामले में भी किंग कोबरा अजगर से लंबा और हावी स्थिति में दिख रहा था. हालांकि, अगर अजगर साइज में बड़ा और ज्यादा भारी होता, तो वह अपनी शिकंजे जैसी पकड़ से किंग कोबरा की हड्डियां चटकाकर उसकी जान भी ले सकता था. ऐसे मामलों में कौन जीतेगा, यह उनके साइज और परिस्थिति पर निर्भर करता है.
वन विभाग की अपील: न घबराएं, न पकड़ने की कोशिश करें
गोनौली इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है, इसलिए बारिश और गर्मी के दिनों में अक्सर जहरीले जीव घरों का रुख कर लेते हैं. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर घर या आसपास ऐसा कोई खतरनाक जीव या सांप दिखाई दे, तो उस पर हमला न करें और न ही खुद पकड़ने की गलती करें. तुरंत वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें.
ADVERTISEMENT


