बिहार के बांका जिले में ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर एक युवती के साथ हुई अभद्र व्यवहार, मारपीट और ऑनलाइन रंगदारी मांगने की घटना में प्रशासन का बड़ा और सख्त एक्शन देखने को मिला है. मामले में नामजद तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्रशासनिक टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए सरकारी जमीन पर किए गए उनके अवैध कब्जों को बुलडोजर/अतिक्रमण रोधी दस्ता चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है.
ADVERTISEMENT
आरोपियों के अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का प्रहार
एसडीएम राजकुमार के नेतृत्व में बौंसी प्रखंड प्रशासन और भारी पुलिस बल की टीम ने बाराहाट थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की. इस दौरान मामले में चिन्हित तीन नामजद आरोपियों— अब्दुल्ला, विकास और नीतीश कुमार राय के घर के पास सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया गया. प्रशासनिक टीम ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए फूस के मकानों को पूरी तरह से हटा दिया. अधिकारियों ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सार्वजनिक या सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट पर कसता शिकंजा
कांड में शामिल सोशल मीडिया एंगल को लेकर भी बांका साइबर पुलिस हरकत में आ गई है. घटना के आपत्तिजनक वीडियो और फर्जी अकाउंट से पोस्ट किए जाने के मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया दिग्गज 'एक्स' (ट्विटर) और 'मेटा' (इंस्टाग्राम) को आधिकारिक नोटिस जारी किया है. साथ ही विवादित पोस्ट को तुरंत हटाने और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है.
आईजी ने बौंसी पहुंचकर की हाई-लेवल समीक्षा
मामले के तूल पकड़ते ही भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी विवेक कुमार शुक्रवार को खुद स्थिति का जायजा लेने बौंसी पहुंचे. उन्होंने बांका एसपी अमितेश कुमार, एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा और बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि यह दुखद वारदात 3 जून की है, जब किशोरी अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्वत घूमने आई थी. वहां मनचलों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की. इतना ही नहीं, छोड़ने के एवज में पीड़िता से फोन-पे के जरिए 1500 रुपये की ऑनलाइन रंगदारी भी वसूल की गई थी.
पीड़िता से ली गई जानकारी, कई हिरासत में
बांका एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने पीड़िता से खुद संपर्क कर पूरी घटना का विस्तृत बयान दर्ज किया है. वीडियो में दिख रहे तीन युवकों की पहचान कर ली गई है और संदेह के आधार पर कुछ अन्य युवकों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ जारी है. डिजिटल साक्ष्यों और ऑनलाइन बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल के आधार पर सभी दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
किशनगंज में युवती से बदसलूकी, धर्म पूछा, मारपीट की, 3 आरोपी गिरफ्तार
ADVERTISEMENT


