बांकीपुर में किसका चलेगा जादू? रिंगसाइड रिसर्च के एग्जिट पोल के आंकड़े ने चौंकाया

न्यूज तक डेस्क

• 09:06 PM • 30 Jul 2026

बांकीपुर उपचुनाव के एग्जिट पोल में जनसुराज के प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान जताया गया है. कुल 40% मतदान वाले इस चुनाव में RJD प्रत्याशी रेखा कुमारी दौड़ में पिछड़ती नजर आ रही हैं.

बांकीपुर उपचुनाव एग्जिट पोल
बांकीपुर उपचुनाव एग्जिट पोल
Google CTA

Bankipur By Election Exit Poll 2026: बिहार की 182-बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के मतदान के तुरंत बाद जारी रिंगसाइड रिसर्च (Ringside Research) के एग्जिट पोल ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच बेहद कड़ा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. एग्जिट पोल के मुताबिक, जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को हल्की बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि राजद तीसरे स्थान पर पिछड़ती नज़र आ रही है.

Read more!

एग्जिट पोल के मुख्य आंकड़े (संभावित मत प्रतिशत):

  • जनसुराज (प्रशांत किशोर): 40% से 45%
  • भाजपा (नीरज कुमार सिन्हा): 38% से 43%
  • राजद (रेखा कुमारी गुप्ता): 8% से 13%
  • अन्य उम्मीदवार एवं NOTA: 1% से 6%

जनसुराज और भाजपा आमने-सामने

रिंगसाइड रिसर्च द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर 40% से 45% वोट शेयर हासिल कर सबसे आगे चल रहे हैं. वहीं, भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार (सिन्हा) 38% से 43% मत प्रतिशत के साथ उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं. दोनों प्रमुख प्रत्याशियों के बीच वोट प्रतिशत का अंतर काफी कम है, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है.

दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी (गुप्ता) को 8% से 13% वोट मिलने का अनुमान जताया गया है. अन्य 22 उम्मीदवारों और NOTA का कुल दायरा 1% से 6% तक सिमटता दिख रहा है.

मतदान और मतदाताओं का विवरण

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,740 पंजीकृत मतदाता हैं:

  • पुरुष मतदाता: 1,99,987 (53%)
  • महिला मतदाता: 1,79,461 (47%)  
  • अन्य मतदाता: 292

उपचुनाव के दौरान क्षेत्र के 422 मतदान केंद्रों पर कुल अनुमानित 40% मतदान दर्ज किया गया है. इस चुनाव मैदान में कुल 25 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

यह एग्जिट पोल रिंगसाइड रिसर्च, छत्रपति संभाजीनगर द्वारा 30 जुलाई 2026 को कुल 2,528 मतदाताओं के नमूना आकार (Sample Size) के साथ आयोजित किया गया था, जिसमें साक्षात्कार की कैटी (CATI - कंप्यूटर सहायता प्राप्त टेलीफोन साक्षात्कार) पद्धति का उपयोग किया गया है. हालांकि, यह केवल एक संभावित अनुमान है और अंतिम एवं आधिकारिक परिणाम मतगणना के दिन ही स्पष्ट होंगे.

ये भी पढ़ें: प्रशांत किशोर, बीजेपी या RJD...बांकीपुर में किसका चलेगा जादू? Poll Pandit के एग्जिट पोल ने चौंकाया