बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है. बीजेपी बिहार के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को पत्र लिखकर वोटरों के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने की मांग की है. पार्टी ने पत्र में जन सुराज पार्टी के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोटिंग के जरिए मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
पत्र में क्या लिखा गया
नितिन अभिषेक द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े लोग फर्जी वोट डालकर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. पत्र में इसे लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए कहा गया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना सामूहिक जिम्मेदारी है. बीजेपी ने चुनाव आयोग और मतदान अधिकारियों से आग्रह किया है कि हर मतदाता के लिए असली इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC ID) दिखाना और वोटर लिस्ट से पहचान का बारीकी से मिलान अनिवार्य किया जाए.
अब तक क्या स्थिति है
बीजेपी की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर जन सुराज पार्टी की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. चुनाव आयोग या रिटर्निंग ऑफिसर की तरफ से भी पत्र पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं हुआ है. बांकीपुर सीट पर उपचुनाव को लेकर सभी दलों की नजरें अब चुनाव आयोग के अगले कदम पर टिकी हैं.
ADVERTISEMENT


