Bankipur By-Election: बीजेपी ने एक सीट के लिए उतारी सांसदों-मंत्रियों की बड़ी फौज, क्या प्रशांत किशोर दे पाएंगे टक्कर?

Bankipur By-Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है. बीजेपी ने इस एक सीट को जीतने के लिए 40 स्टार प्रचारकों की पूरी फौज मैदान में उतार दी है. वहीं दूसरी ओर जन सुराज प्रशांत किशोर अकेले 'वन मैन आर्मी' के रूप में चुनावी मैदान में नजर आ रहे हैं. आखिर क्या प्रशांत किशोर अपने दम पर बीजेपी के मजबूत संगठन को चुनौती दे पाएंगे?

Bankipur By Election
Bankipur By Election
Google CTA

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां बेहद तेज हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस उपचुनाव को जीतने के लिए एक बहुत बड़े स्तर की प्लानिंग की है. पार्टी ने इस सीट पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और चुनाव प्रचार के लिए दिग्गजों को मैदान में उतार दिया है. बीजेपी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों (स्टार कैंपेनर्स) की एक लंबी-चौड़ी सूची जारी की है, जो आने वाले दिनों में क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर जाकर प्रचार करते हुए नजर आएंगे. इस सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय स्तर के छोटे-बड़े नेताओं तक को शामिल किया गया है. तो वहीं दूसरी तरफ प्रशांत किशोर 'वन मैन आर्मी' यानी अकेले दिखाई पड़ रहे है. 

Read more!

चुनाव को हल्के में नहीं लेती बीजेपी

बांकीपुर सीट पर बीजेपी द्वारा इतनी बड़ी संख्या में स्टार प्रचारकों को उतारना यह साफ तौर पर दर्शाता है कि पार्टी किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं लेती है. चाहे देश का आम चुनाव हो, किसी राज्य का विधानसभा चुनाव हो या फिर किसी एक सीट पर होने वाला उपचुनाव ही क्यों न हो, बीजेपी हमेशा अपनी पूरी क्षमता और ताकत के साथ चुनाव लड़ती है.

हालांकि, बांकीपुर को बीजेपी का सबसे मजबूत किला और एक सुरक्षित गढ़ माना जाता है. इसके बावजूद पार्टी यहां कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती और वह विरोधियों के खिलाफ किसी भी तरह का कोई रिस्क या चांस लेने के मूड में नहीं है. बीजेपी ने प्रतिद्वंद्वी को नया मानकर ढिलाई बरतने के बजाय अपनी पूरी इलेक्शन मशीनरी को सक्रिय कर दिया है.

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में बड़े-बड़े नाम

बीजेपी द्वारा जारी की गई 40 स्टार प्रचारकों की इस सूची को देखकर ऐसा लगता है मानो बिहार बीजेपी के किसी भी बड़े नेता का नाम इसमें छूटा ही नहीं है. आमतौर पर इतनी लंबी सूची पूरे राज्य के विधानसभा चुनाव के समय जारी की जाती है, लेकिन केवल एक उपचुनाव के लिए 40 नेताओं को उतारना बीजेपी की गंभीरता को दिखाता है.

इस लिस्ट में सबसे बड़ा नाम बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का है, जो बांकीपुर सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं और वे यहां बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे. उनके अलावा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष, और जनरल सेक्रेटरी विनोद तावड़े जैसे बड़े चेहरे भी प्रचार करते दिखेंगे.

सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों की फौज मैदान में

बीजेपी ने इस एक सीट को जीतने के लिए केंद्र और राज्य के मंत्रियों के साथ-साथ सांसदों की भारी फौज मैदान में उतार दी है. केंद्रीय मंत्रियों में नित्यानंद राय और गिरिराज सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

इनके अलावा झारखंड से राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल, रवि शंकर प्रसाद, सतीश चंद्र दुबे और राजभूषण चौधरी जैसे करीब 7 से 8 सांसद चुनाव मैदान में प्रचार के लिए उतर चुके हैं. वहीं बिहार सरकार के मंत्रियों और स्थानीय नेताओं में मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, अश्विनी चौबे, विजय सिन्हा, प्रमोद चंद्रवंशी, जनक राम, राम कृपाल यादव, मिथिलेश तिवारी, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेंद्र पासवान, जनक राम, और जीवेश मिश्रा जैसे नाम शामिल हैं.

भोजपुरी कलाकार और स्थानीय नेता भी करेंगे प्रचार

पार्टी ने जनता को आकर्षित करने के लिए नवनिर्वाचित एमएलसी और बेहद लोकप्रिय भोजपुरी गायक पवन सिंह को भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह दी है. इसके अलावा रेणु देवी, मैथिली ठाकुर, संजीव चौरसिया, कुम्हरार से विधायक संजीव गुप्ता, पटना की मेयर सीता साहू, रेशमी चंद्रवंशी, आनंद मिश्रा, सरोज रंजन पटेल, बलराम मंडल, सुषमा साहू और रूपनारायण मेहता जैसे पटना और बिहार स्तर के तमाम नेताओं को चुनावी मैदान में झोंक दिया गया है. केंद्र से लेकर पटना के स्थानीय स्तर तक के नेताओं की यह फौज दर्शाती है कि बीजेपी इस सीट पर विपक्ष को कोई वॉकओवर देने के मूड में नहीं है.

प्रशांत किशोर की 'वन मैन आर्मी' के सामने बड़ी चुनौती

एक तरफ जहां बीजेपी के पास संगठनात्मक ताकत और नेताओं की एक बहुत बड़ी फौज है, वहीं दूसरी तरफ जन सुराज के मुखिया प्रशांत किशोर (पीके) पूरी तरह से अकेले यानी 'वन मैन आर्मी' बनकर लड़ रहे हैं. प्रशांत किशोर खुद ही अपनी पार्टी का इकलौता मुख्य चेहरा हैं, खुद ही सबसे बड़े स्टार प्रचारक हैं और उनके पास बीजेपी की तरह कोई 40 स्टार प्रचारकों की लंबी-चौड़ी फौज नहीं है.

बांकीपुर में हर घर में बीजेपी का कैडर मौजूद है और पार्टी की ओर से यहां चुनावी 'कारपेट बॉम्बिंग' की जा रही है. ऐसे में बीजेपी के इस मजबूत संगठन और दिग्गजों की आंधी के सामने प्रशांत किशोर अकेले दम पर कितनी बड़ी चुनौती दे पाएंगे या फिर वे इस चुनावी आंधी में बह जाएंगे, यह देखना बेहद दिलचस्प होने वाला है.