पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जारी उप-चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर जबरदस्त सियासी हंगामा देखने को मिला. मतदान के दौरान कई बूथों पर माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रशांत किशोर की पार्टी 'जन सुराज' के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए.
ADVERTISEMENT
बूथ नंबर 101 और 103 पर भारी बबाल
मिली जानकारी के अनुसार, बांकीपुर उप-चुनाव के दौरान बूथ संख्या 101 और 103 पर स्थिति बेहद गंभीर हो गई. यहां बीजेपी और जन सुराज समर्थकों के बीच तीखी बहस के बाद झड़प शुरू हो गई. दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाते हुए भिड़ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जन सुराज का आरोप: 'पुलिस के सामने रोकी जा रही वोटिंग'
हंगामे के बीच जन सुराज के नेताओं ने बीजेपी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. जन सुराज का दावा है कि बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी अभिषेक बंटी अपने समर्थकों के साथ बूथों पर दबंगई कर रहे हैं और मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह सब पुलिस और सुरक्षा बलों की मौजूदगी के सामने हुआ, जहां अधिकारियों की उपस्थिति में ही मतदान बाधित करने का प्रयास किया गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे. वायरल वीडियो और घटनास्थल की तस्वीरों में पुलिसकर्मी दोनों पक्षों के समर्थकों और नेताओं को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास करते दिख रहे हैं. हालांकि, घटना को लेकर अभी तक प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
गौरतलब है कि इससे पहले भी दोनों दलों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदान कराने और चुनावी प्रक्रिया में धांधली के आरोप लगाए थे, जिसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी और तनाव बना हुआ है.
ADVERTISEMENT


