बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के अंतिम दौर के चुनाव प्रचार के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो संदेश जारी किए जाने के बाद जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने एनडीए पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रशांत किशोर का दावा है कि भाजपा द्वारा जारी किया गया नीतीश कुमार का वीडियो पूरी तरह से 'फेक और AI-जनरेटेड (डॉक्टर्ड)' है.
ADVERTISEMENT
'बीमार नीतीश कुमार का सहारा ले रही बीजेपी'
पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा चुनाव हारने के डर से हताशा में हर हथकंडा अपना रही है. उन्होंने कहा, "भाजपा ने जिस नीतीश कुमार का चेहरा बिहार के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और राजनीतिक पोस्टरों से हटा दिया था, अब हार के डर से उन्हीं के समर्थकों को लुभाने के लिए एआई की मदद से नीतीश जी का फर्जी वीडियो जारी किया है. पीके ने आरोप लगाया कि एनडीए ने पहले 200 से अधिक विधायकों, मंत्रियों, सांसदों और सरकारी तंत्र को बांकीपुर में झोंक दिया, लेकिन जब जनता का रुझान नहीं बदला, तो यह 'घिनौनी हरकत' की गई है.
प्रशांत किशोर ने दी खुली चुनौती
भाजपा और एनडीए को खुली चुनौती देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर नीतीश बाबू ने सच में यह बयान दिया है, तो भाजपा अपने किसी भी मनपसंद पत्रकार के सामने नीतीश कुमार से यही बयान दिलवा दे. अगर नीतीश जी यह बात खुद बोल देते हैं, तो हम चुनाव से दो दिन पहले अपनी दावेदारी वापस ले लेंगे.
'बांकीपुर की जनता मन बना चुकी है'
स्टार प्रचारकों और विपक्ष के रोड-शो के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. बांकीपुर की जनता अपना मन बना चुकी है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा यह चुनाव हार चुकी है और अब लड़ाई सिर्फ इस बात की है कि उनकी हार का अंतर कितना बड़ा होगा.
नीतीश कुमार के वीडियो में क्या था?
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी बांकीपुर उपचुनाव के मैदान में उतर गए हैं. सोमवार की देर रात पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने एक वीडियो जारी किया और बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को वोट देने की अपील की. इस वीडियो को बीजेपी ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया.
ADVERTISEMENT


