बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. जिस भाजपा ने 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटें जीती थी, वह अपना अभेद्य किला नहीं बचा पाई और प्रशांत किशोर ने बांकीपुर सीट पर बाजी मार ली. यह बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है, क्योंकि इस सीट पर भाजपा का 1995 से लगातार कब्जा रहा है. लेकिन इस परिणाम का असर विपक्ष की राजनीति पर भी पड़ सकता है, क्योंकि पीके के जीत के बाद बिहार में तेजस्वी यादव अकेले विपक्ष का चेहरा नहीं रह गए है.
ADVERTISEMENT
पिछले कई सालों से राज्य में तेजस्वी यादव विपक्ष का सबसे बड़ा चेहरा रहे हैं. लेकिन बांकीपुर में जीत के बाद प्रशांत किशोर के बिहार विधानसभा में आने से विपक्ष के बीच ही कड़ा मुकाबला होता दिख रहा है. ऐसा इसलिए भी क्योंकि अब विपक्ष में एक ऐसा नेता मौजूद है जो कि अब सदन के अंदर सरकार से तीखे सवाल पूछेगा. आइए विस्तार से जानते हैं कि PK की जीत कैसे बन सकती है तेजस्वी यादव के लिए चुनौती?
प्रशांत किशोर की अलग तरह की राजनीति!
जब साल 2025 के विधानसभा चुनाव हुए तो बांकीपुर सीट पर बीजेपी से नितिन नबीन चुनाव जीते, वहीं राजद की रेखा कुमार दूसरे स्थान पर रहीं और जनसुराज प्रत्याशी वन्दना कुमारी तीसरे स्थान पर थी. चुनाव के बाद प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव अपनी-अपनी पार्टियों के लिए आगे की रणनीति बनाने में लग गए. लेकिन प्रशांत किशोर ने अपना पुराना काम जारी रखा, जिसमें उन्होंने लगातार दौरे किए, पदयात्राएं की, जनसभाएं की और जन सुराज पार्टी के संगठन को मजबूत करने का काम किया. अब जब बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर जीत गए है तो उनके समर्थकों का मानना है कि इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह प्रशांत किशोर का लोगों तक पहुंचना ही है.
तेजस्वी की गैर-मौजूदगी, वोट बैंक में टूट
एक ओर चुनाव को देखते हुए जहां प्रशांत किशोर लगातार लोगों से मिल रहे थे, तो वहीं दूसरी तरह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पूरे सीन से गायब दिखाई दे रहे थे. जब चुनाव प्रचार अपने चरम पर था, प्रशांत किशोर और भाजपा की पूरी टीम ग्राउंड पर काम कर रही थी, तब तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ विदेश यात्रा पर छुट्टियां मना रहे थे. चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में वो लौटे और राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के पक्ष में रोड शो किया.
हालांकि चुनाव के परिणाम राजद के लिए काफी निराशाजनक रहा. आलम यह हुआ कि साल 2025 में जो जिस उम्मीदवार को 46,363 वोट मिले थे, उपचुनाव में उनकी जमानत तक जब्त हो गई. कहा जा रहा है कि चुनाव के दौरान राजद प्रतिनिधित्व के गैर-मौजूदगी के कारण उनके वोट बैंक में टूट हुई और पार्टी अपना MY समीकरण भी ठीक से नहीं साध पाए.
तेजस्वी यादव के लिए कॉम्पिटिशन?
बांकीपुर की जीत ने राजद के लिए नए राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए है. जो पार्टी बिहार विधानसभा में हमेशा NDA को चुनौती दिया करती थी, अब उसे विपक्ष के भीतर ही कड़ा मुकाबला करना पड़ सरका है. प्रशांत किशोर की विधानसभा में मौजूदगी से साफ है कि वो सरकार पर लगातार तीखे सवाल करेंगे. पीके लगातार गवर्नेंस, शिक्षा, रोजगार, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक सुधारों पर सरकार पर हमला बोलते रहे है और अब उनके पास एक उचित प्लटफॉर्म भी है. आमतौर पर उनके भाषण मुख्य रूप से नीतिगत मुद्दों पर केंद्रित रहते हैं. वे आम जनता से बातचीत के दौरान भी राजनीतिक और गवर्नेंस से जुड़े विषयों को काफी बारीकी व विस्तार से समझाते हैं.
अभी तक जहां तेजस्वी यादव सरकार को अलग-अलग मुद्दों पर घेरते थे, अब वहीं प्रशांत किशोर अपने तरीके से सरकार पर निशाना साधेंगे. ऐसे में तेजस्वी यादव के लिए प्रशांत किशोर एक नई चुनौती बनकर उभरे है, जहां विपक्ष के अंदर ही अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए होड़ लगेगी.
कौन करेगा विपक्ष को लीड?
इन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए एक सवाल उठने लगा है कि आखिर अब विपक्ष को लीड या उसका प्रतिनिधित्व कौन करेगा? दरअसल बिहार की चुनावी राजनीति में कॉम्पिटिशन लगातार बढ़ता जा रहा है. 1995 से लगातार बीजेपी के कब्जे वाले सीट पर जिस तरह का उलटफेर देखने को मिला है, वह पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है. नतीजों से साफ दिखाई दे रहा है जब भी जनता को कोई मजबूत विकल्प दिखता है तो उनकी पसंद बहुत तेजी से बदल जाती है.
हालांकि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या प्रशांत किशोर की यह जीत कहां तक जाती है और वे इसे बड़े आंदोलन में बदल पाते हैं या नहीं. वहीं तेजस्वी यादव भी अपने मजबूत संगठन के साथ विपक्ष के नेता बने हुए है. लेकिन बांकीपुर चुनाव के नतीजों ने यह तो साफ कर दिया है कि बिहार की राजनीति अब किसी भी एक चेहरे के आस-पास नहीं टिकी हुई है. यहीं वजह है कि अब तेजस्वी यादव सिर्फ अकेले विपक्ष के नेता बड़े नहीं रह पाएंगे, उसमें प्रशांत किशोर भी रहेंगे.
अब बिहार में 2030 में चुनाव होने वाले हैं और इस बीच होने वाले घटनाक्रम बताएंगे की अगले चुनाव में क्या समीकरण बनते है. लेकिन बांकीपुर उपचुनाव से एक बात तो साफ हो गई है कि प्रशांत किशोर की जीत से बीजेपी के साथ-साथ विपक्ष को भी तगड़ा झटका लगा है.
ADVERTISEMENT


