बांकीपुर उपचुनाव: एक बूथ पर EVM खराब, पहुंचे प्रशांत किशोर, अधिकारियों से बात कर शुरू कराया मतदान

बांकीपुर उपचुनाव के दौरान बूथ 143 पर EVM खराब होने की खबर पर प्रशांत किशोर पहुंचे। अधिकारियों से बात कर उन्होंने मॉक पोल के बाद नई मशीन से मतदान शुरू करवाया।

Prashant Kishor
Prashant Kishor
Google CTA

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी वोटिंग के बीच बूथ नंबर 143 दलदली में ईवीएम (EVM) में तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया. ईवीएम (EVM) बदले जाने की सूचना मिलते ही जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रिसाइडिंग ऑफिसर और पुलिस ऑब्जर्वर से मुलाकात कर पूरी स्थिति पर बातचीत की. 

Read more!

अधिकारियों से की बात, पारदर्शी प्रक्रिया से नई EVM कराई चालू

बूथ पर अधिकारियों से बातचीत करने के बाद प्रशांत किशोर ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि पुरानी ईवीएम में कुल 53 वोट दर्ज हो चुके थे. तकनीकी खराबी की वजह से प्रशासन ने पुरानी मशीन में पड़े 53 वोटों का रिकॉर्ड सुरक्षित नोट कर लिया है. इसके बाद उम्मीदवारों के एजेंटों के सामने नियमों के अनुसार मॉक पोल कराया गया और फिर नए ईवीएम के जरिए मतदान की प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई.

अफवाहों पर विराम, मतदाताओं से शांतिपूर्ण पोलिंग की अपील

स्थानीय लोगों के बीच पिछले दरवाजे से मशीन बदले जाने को लेकर कुछ संदेह और भ्रम फैल गया था. इस पर प्रशांत किशोर ने सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से शांत रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रिसाइडिंग ऑफिसर और अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट कर दी है और वे नियम के तहत ही काम कर रहे हैं. जब अधिकारी सही प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं, तो किसी भी तरह का हंगामा करने की जरूरत नहीं है. सभी लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में बाहर निकलें और शांतिपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करें.

"प्रशासन के डर से पीछे नहीं हटेगी जनता"

हालांकी, प्रशांत किशोर ने एक बार फिर आरोप लगाया कि पूरे क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और भाजपा का रवैया पक्षपातपूर्ण रहा है, जिससे लोगों के मन में आशंकाएं पैदा हो रही हैं. उन्होंने कहा कि जहां भी पुलिस या प्रशासन की ओर से गड़बड़ी या जबरदस्ती की शिकायत मिलेगी, उसे पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा. पीके ने दावा किया कि जनता ने सरकार के खिलाफ वोट देने का मन बना लिया है और लाठी-डंडों या गिरफ्तारी के दम पर जनता के मूड को बदला नहीं जा सकता.