Bankipur ByElection: प्रशांत किशोर का पुलिस पर गंभीर आरोप- 'जन सुराज समर्थकों को किया जा रहा परेशान'

सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी

30 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 30 2026 1:08 PM)

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग के दौरान प्रशांत किशोर ने पुलिस प्रशासन पर जन सुराज समर्थकों को डराने-धमकाने और 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लेने का गंभीर आरोप लगाया है। जानिए क्या है पूरा मामला।

NewsTak
Google CTA

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में वोटिंग के दौरान राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है. जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए जन सुराज के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बेवजह तंग और गिरफ्तार किया जा रहा है.

Read more!

'डर का माहौल बनाने की कोशिश'

मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बुधवार रात से ही पुलिस प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है.  उन्होंने कहा कि रात के 1 से 2 बजे के बीच पुलिस ने लोगों के घरों में घुसकर दबिश दी और सुबह होते ही बिना किसी कारण के समर्थकों को उठाकर ले जाया गया. पीके के अनुसार, अब तक जन सुराज से जुड़े 30 से भी ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है.

वोटरों को डराने का आरोप

प्रशांत किशोर ने मंदिर और गोलघर इलाके का दौरा करने के बाद कहा कि जहां भी जन सुराज के समर्थकों ने स्वीकृत हेल्प डेस्क या टेबल लगाए हैं, वहां से पुलिस हमारे लोगों को पकड़कर ले जा रही है. वहीं दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं के टेबल बिना किसी रुकावट के चल रहे हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर में मुकाबला भाजपा से नहीं बल्कि सीधे पुलिस प्रशासन से हो रहा है, जो पूरी तरह एकतरफा होकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है.

कम वोटिंग प्रतिशत पर दिया बयान

मतदान प्रतिशत में आई कमी पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से आम मतदाताओं में थोड़ी हिचकिचाहट और डर जरूर फैला है, जिसकी वजह से शुरुआत में पोलिंग पर्सेंटेज कम दिख रहा है.

हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता इस डर के माहौल से बाहर निकलेगी. उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, आप बिल्कुल मत डरिए, बाहर निकलिए और अपने मताधिकार का प्रयोग कीजिए. यह पूरी लड़ाई ही इसी पुलिसिया राज और अत्याचार के खिलाफ है. लाख मतदाताओं को पुलिस के दम पर नहीं डराया जा सकता.