Bankipur ByElection: 11 चुनावी दांव से PK ने कैसे बदला पूरा खेल? BJP का मजबूत मॉडल भी पड़ गया फीका

ऋचा शर्मा

• 07:49 PM • 04 Aug 2026

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पारंपरिक चुनाव प्रचार से अलग रणनीति अपनाई. बड़े रोड शो और रैलियों की बजाय उन्होंने माइक्रो मैनेजमेंट, छोटे जनसंपर्क कार्यक्रम और स्थानीय मुद्दों पर फोकस किया. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मॉडल ने चुनाव को नई दिशा दी.

NewsTak
Google CTA

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का नतीजा सिर्फ एक सीट की जीत-हार नहीं है. इस चुनाव ने बिहार की राजनीति में चुनाव लड़ने के तरीके को लेकर नई बहस छेड़ दी है. वर्षों से बूथ मैनेजमेंट, पन्ना प्रमुख और मजबूत संगठन के दम पर चुनाव जीतने वाली भाजपा को इस बार जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने उसी मैदान में चुनौती दी, लेकिन अपने अलग अंदाज के साथ..

Read more!

प्रशांत किशोर ने इस चुनाव में बड़े रोड शो, विशाल रैलियों और भीड़ जुटाने की राजनीति से दूरी बनाई. उनकी पूरी रणनीति माइक्रो मैनेजमेंट, छोटे-छोटे जनसंपर्क कार्यक्रम, स्थानीय मुद्दों और सीधे मतदाताओं से संवाद पर आधारित रही। यही वजह रही कि चुनाव प्रचार के शुरुआती दिनों में जिस जनसुराज को मुकाबले में तीसरी ताकत माना जा रहा था, वह धीरे-धीरे सबसे मजबूत दावेदार बन गया और अंत में जीत दर्ज करने में सफल रहा.

आखिर क्या था PK का चुनावी मॉडल?

प्रशांत किशोर वर्षों तक देश के बड़े चुनावी रणनीतिकार रहे हैं. उन्होंने कई राज्यों में अलग-अलग दलों के लिए चुनावी रणनीति तैयार की. लेकिन बांकीपुर में पहली बार उन्होंने अपने ही बनाए मॉडल को खुद उम्मीदवार बनकर जमीन पर उतारा.
इस मॉडल की सबसे बड़ी खासियत थी कि हर मतदाता तक अलग तरीके से पहुंचने की कोशिश की गई. किसी एक प्रचार शैली पर निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग वर्गों के लिए अलग अभियान बनाए गए. युवा, महिलाएं, व्यापारी, बुद्धिजीवी, वरिष्ठ नागरिक और मोहल्ला स्तर के मतदाताओं तक अलग-अलग माध्यमों से पहुंच बनाई गई.

PK के 11 चुनावी दांव, जिन्होंने बदल दिया पूरा खेल

1. व्यक्तिगत मुलाकात अभियान

प्रचार की शुरुआत घर-घर जाकर लोगों से मिलने से हुई. कार्यकर्ताओं ने सीधे मतदाताओं से बातचीत की. लोगों की समस्याएं सुनी गईं और भरोसा बनाने की कोशिश की गई.

2. पदयात्रा

प्रशांत किशोर और उनकी टीम ने कई इलाकों में पैदल भ्रमण किया. इससे नेताओं और आम लोगों के बीच दूरी कम हुई और स्थानीय मुद्दों को समझने का मौका मिला.

3. जनसंवाद

छोटे समूहों में खुले संवाद आयोजित किए गए. यहां लोगों को सवाल पूछने और अपनी शिकायत रखने का पूरा अवसर मिला.

4. चाय पर चर्चा

मोहल्लों और गलियों में छोटी-छोटी चाय बैठकों का आयोजन किया गया. बिना मंच और औपचारिकता के लोगों से सीधे बातचीत की गई.

5. मोहल्ला बैठक

20 से 50 लोगों की बैठकों में स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. हर इलाके के हिसाब से अलग मुद्दे उठाए गए.

6. प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन

डॉक्टर, शिक्षक, वकील, व्यवसायी और समाज के प्रभावशाली लोगों से अलग बैठकें की गईं. इन वर्गों की राय को चुनावी रणनीति में शामिल किया गया.

7. अड्डा सम्मेलन

बिहार की सामाजिक संस्कृति को ध्यान में रखते हुए चौक-चौराहों और अड्डों पर अनौपचारिक बैठकों का आयोजन हुआ. यहां राजनीतिक बहस के साथ स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की गई.

8. जनसभा

जहां जरूरत महसूस हुई, वहां बड़ी सभाएं भी हुईं. लेकिन इनकी संख्या सीमित रखी गई और फोकस भीड़ नहीं बल्कि संदेश पहुंचाने पर रहा.

9. स्थानीय मुद्दों की राजनीति

शहर की टूटी सड़कें, जलजमाव, सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लगातार उठाया गया. चुनावी चर्चा को राष्ट्रीय राजनीति से हटाकर स्थानीय समस्याओं पर केंद्रित रखा गया.

10. सोशल मीडिया नैरेटिव

प्रचार खत्म होने के बाद भी डिजिटल कैंपेन जारी रहा. छोटे वीडियो, रील, लोकल कंटेंट और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चुनावी माहौल बनाए रखा गया.

11. संगठन का माइक्रो मैनेजमेंट

हर बूथ, हर मोहल्ले और हर वार्ड के लिए अलग जिम्मेदारियां तय की गईं. कार्यकर्ताओं को सिर्फ प्रचार नहीं, बल्कि मतदाताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने का लक्ष्य दिया गया.

भाजपा की रणनीति से कैसे अलग था यह मॉडल?

भाजपा लंबे समय से पन्ना प्रमुख मॉडल और बूथ स्तर के मजबूत संगठन के लिए जानी जाती है. इस चुनाव में भी भाजपा ने बड़े नेताओं की सभाओं, संगठन और पारंपरिक चुनावी ढांचे पर भरोसा किया.

वहीं जनसुराज ने बड़े मंचों की बजाय छोटे समूहों में बातचीत को प्राथमिकता दी. जहां भाजपा ने बड़े नेताओं के जरिए संदेश पहुंचाने की कोशिश की, वहीं जनसुराज ने हर मोहल्ले में स्थानीय कार्यकर्ताओं के जरिए विश्वास बनाने का प्रयास किया. यानी चुनाव का फोकस भीड़ से हटाकर बातचीत पर कर दिया गया.

पुलिस कार्रवाई भी बनी चुनावी नैरेटिव

मतदान से पहले और प्रचार खत्म होने के बाद जनसुराज के कुछ कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई को भी पार्टी ने राजनीतिक मुद्दा बनाया. सोशल मीडिया पर वीडियो, क्लिप और रील तेजी से वायरल किए गए. समर्थकों ने इसे सत्ता बनाम आम जनता की लड़ाई के रूप में पेश करने की कोशिश की.इस डिजिटल नैरेटिव ने चुनावी चर्चा को मतदान तक जीवित रखा और समर्थकों को लगातार सक्रिय बनाए रखा.

बांकीपुर उपचुनाव का सबसे बड़ा संदेश यही है कि आज के दौर में सिर्फ बड़े नेताओं की रैलियां चुनाव जिताने की गारंटी नहीं हैं. अगर किसी दल के पास मजबूत माइक्रो मैनेजमेंट, बूथ स्तर का सक्रिय नेटवर्क, स्थानीय मुद्दों की समझ, डिजिटल प्रचार और मतदाताओं से लगातार संवाद की रणनीति हो, तो वह स्थापित राजनीतिक दलों को भी कड़ी चुनौती दे सकता है.

क्या विधानसभा चुनाव में बदलेगी रणनीति?

बांकीपुर का नतीजा अब सिर्फ एक उपचुनाव का परिणाम नहीं माना जा रहा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग सभी दल माइक्रो मैनेजमेंट, छोटे जनसंपर्क कार्यक्रम और लोकल इश्यू आधारित कैंपेन पर पहले से ज्यादा जोर दे सकते हैं.

प्रशांत किशोर के लिए यह जीत सिर्फ एक सीट हासिल करने तक सीमित नहीं है. इसने यह भी दिखाया है कि यदि चुनावी रणनीति जमीन की जरूरतों के हिसाब से बनाई जाए, तो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े राजनीतिक समीकरण बदले जा सकते हैं. वहीं भाजपा, राजद और अन्य दलों के लिए यह नतीजा अपनी चुनावी रणनीति की समीक्षा करने का संकेत भी माना जा रहा है.