Bankipur ByElection: RJD प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने किया जीत का दावा किया, कहा- BJP से जनता है नाराज

ऋचा शर्मा

30 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 30 2026 5:21 PM)

बांकीपुर उपचुनाव के मतदान के बीच राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने जीत का दावा किया. उन्होंने भाजपा पर जनता की नाराजगी, फर्जी वोटिंग और जीविका दीदियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया.

NewsTak
Google CTA

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान के बीच राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने अपनी जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि इस बार बांकीपुर की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और चुनाव में लालटेन छाप को समर्थन मिल रहा है.

Read more!

इस बार बदलाव तय है- रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता ने परिवर्तन का फैसला कर लिया है. उनके मुताबिक बांकीपुर की सीट पर इस बार बदलाव देखने को मिलेगा. उन्होंने दावा किया कि मतदाता भाजपा के उम्मीदवार से नाराज हैं और इसका असर मतदान में दिखाई दे रहा है.

भाजपा पर साधा निशाना

राजद उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बांकीपुर की जनता को प्रयोग की जगह समझ लिया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह का उम्मीदवार मैदान में उतारा गया है, उससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है. उनके अनुसार जनता इस बार इसका जवाब वोट के जरिए दे रही है.

फर्जी वोटिंग का लगाया आरोप

रेखा गुप्ता ने मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग का भी आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि कुछ बूथों पर ऐसे लोग मिले जिनके पास पहचान पत्र मौजूद थे, लेकिन उनके नाम पर पहले ही मतदान हो चुका था. उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतों की जानकारी चुनाव अधिकारियों को भी दी गई है.
हालांकि, फर्जी वोटिंग के इन आरोपों की चुनाव आयोग या जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

जीविका दीदियों के इस्तेमाल का भी आरोप

रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान जीविका दीदियों का दुरुपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था और सत्ता का इस्तेमाल चुनावी लाभ के लिए नहीं होना चाहिए.

विकास को बताया सबसे बड़ा मुद्दा

रेखा गुप्ता ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास के मुद्दे पर वोट कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि लंबे समय तक क्षेत्र से दूर रहे और अब दोबारा वोट मांगने पहुंचे हैं. उनके अनुसार मतदाता इस बार विकास और जवाबदेही के आधार पर फैसला करेंगे.