बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान पटना के SK Puri इलाके में स्थित एक पोलिंग बूथ पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भाजपा और जन सुराज के समर्थकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.
ADVERTISEMENT
बूथ पर बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मतदान के दौरान दोनों दलों के समर्थकों के बीच पहले बहस हुई. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग किया.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा. पुलिस ने पोलिंग बूथ के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की. कुछ देर की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य कराई गई.
जन सुराज नेता भी पहुंचे मौके पर
घटनास्थल पर जन सुराज के नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना भी पहुंचे. उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की. इस दौरान समर्थकों के बीच नारेबाजी और तीखी बहस भी देखने को मिली.
आखिरी घंटे में बढ़ी हलचल
मतदान के अंतिम चरण में हुई इस घटना ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया. बूथ के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई ताकि मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो.फिलहाल इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से किसी अप्रिय घटना या किसी के खिलाफ कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
ADVERTISEMENT


