बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान पुलिस लाइन स्थित बूथ संख्या 106, 107 और 108 पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई. जब जन सुराज ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे. आरोप के बाद मतदान केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ADVERTISEMENT
जन सुराज का क्या है आरोप
जन सुराज के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मतदान केंद्र के आसपास मौजूद कुछ लोग वोटर्स को एक खास उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए समझाने की कोशिश कर रहे थे. पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि लाइन में खड़े मतदाताओं तक को प्रभावित करने का प्रयास किया गया. इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच बहस शुरू हो गई.
सूचना मिलते ही पहुंचे प्रशांत किशोर
हंगामे की सूचना मिलने के बाद जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर उपचुनाव के उम्मीदवार प्रशांत किशोर पुलिस लाइन स्थित बूथों पर पहुंचे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मौके का जायजा लिया.प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकतंत्र में हर मतदाता को बिना किसी दबाव के मतदान करने का अधिकार है. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील की.
प्रशासन ने क्या कहा ?
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. इसके बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा सामान्य रूप से जारी रही. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक जन सुराज के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस ने केवल इतना कहा कि मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और मतदान प्रभावित नहीं होने दिया गया.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बांकीपुर उपचुनाव को देखते हुए सभी संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके बावजूद मतदान के दौरान पुलिस लाइन के बूथों पर हंगामे की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बांकीपुर सीट पर इस बार भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. ऐसे में मतदान के दौरान होने वाली हर घटना पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है.
हंगामे के बाद भी बूथ संख्या 106, 107 और 108 पर मतदान जारी रहा. प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की है. वहीं राजनीतिक दल अपने-अपने एजेंटों और कार्यकर्ताओं के जरिए मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT


